
अजमेर। लोकसभा अध्यक्ष श्रीमती मीरा कुमार ने कहा कि भारतीय गणतंत्र दुनिया का सबसे सफल लोकतंत्र है। आज विश्व के कई देशों में राजनीतिक अस्थिरता, विद्रोह एवं हिंसा हो रही है। ऐसे में हमारे देश की संसदीय व्यवस्था दुनिया के अन्य देशों के लिए अनुकरणीय है।
लोकसभा अध्यक्ष गुरूवार को मेयो कॉलेज गल्र्स स्कूल में आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित कर रही थीं।


उन्होंने कहा कि दुनिया के कई देशों में चुनाव नहीं होते हैं। वहां पर लोगों को जनप्रतिनिधियों को चुनने एवं राष्ट्र के निर्माण में भागीदारी नहीं मिल रही है। जिसके चलते लोग अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। हमारे देश में संसदीय व्यवस्था के तहत जनता संसद में जनप्रतिनिधियों को चुनकर भेजती है। ये जनप्रतिनिधि देश के आर्थिक संसाधनों का इस्तेमाल विकास कार्यों के लिए करते हैं। इस प्रकार हमारे देश की संसदीय व्यवस्था विभिन्न देशों के लिए भी अनुकरणीय है। श्रीमती मीरा कुमार ने कहा कि पूरे विश्व में हमारे देश की संसदीय व्यवस्था को सराहा जाता है। आने वाले समय में जब आप लोगों में से कोई विद्यार्थी संसद तक पहुंचे तो वह दृढ़ निश्चय करे कि वह संसद की गरिमा एवं अनुशासन के अनुरूप व्यवहार करेगा।
राजनीति का क्षेत्र बड़ी जिम्मेदारी, कठिनाईयों एवं भाग-दौड़ वाला है। ऐसे में आज मेयो कॉलेज गल्र्स स्कूल में विद्यार्थियों के बीच आकर एवं उनसे मिलकर ताजगी का अहसास हुआ है। स्कूल की स्पेशल एसेंबली को संबोधित करते हुए उन्होंने मेयो कॉलेज गल्र्स स्कूल द्वारा बालिका शिक्षा के लिए किए जा रहे कार्यो की सराहना की। उन्होंने आशा जताई कि यहां से पढ़कर निकली छात्राएं जीवन में प्रतिदिन नई उंचाईयों को प्राप्त करेंगी और विभिन्न क्षेत्रों में अपना विशिष्ट स्थान बनाएंगी।
श्रीमती मीरा कुमार ने अपने हॉस्टल के दिनों को याद करते हुए उपस्थित छात्राओं को कहा कि सुबह जल्दी उठकर व्यायाम करें, खेलिए, कूदिए, पढिए और टीवी देखें। अध्यापकों, बड़ों एवं अभिभावकों का सम्मान एवं सेवा करे। लोकसभा अध्यक्ष ने मेयो कॉलेज गल्र्स स्कूल की प्राचार्या श्रीमती कंचन खांडके को संविधान की पुस्तक एवं स्मृति चिन्ह् भेंट किया। प्राचार्या ने भी स्मृति चिन्ह् देकर श्रीमती मीरा कुमार को सम्मानित किया। स्पेशल एसेंबली का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। लोकसभा अध्यक्ष ने स्कूल के अन्य कार्यक्रमों में भी भाग लिया।