उत्तर सिक्किम जिले के चुंगथांग के आसपास पहाड़ी क्षेत्रों में बादल फटने से अचानक आई बाढ़ में 25 लोगों की मौत हो गई है और कई लोग घायल हो गए। अचानक आई बाढ़ से करीब पांच लाख लोग बेघर हो गए हैं। मरने वालों में नौ आईटीबीपी के जवानों के साथ सीमा सड़क संगठन के बारह जवान और तीन स्थानीय नागरिक शामिल हैं। अभी तक नौ शवों को बरामद कर लिया गया है, अन्य की तलाश जारी है।
चुंगथांग व रांगमा के बीच सीमा सड़क संगठन का छह अस्थायी बसेरा पूरी तरह मलबा में दब गया है। शनिवार को पुलिस प्रशासन ने स्थानीय लोगों की मदद से चार शवों को मलबे से बाहर निकाला। छह बसेरे में करीब 16 श्रमिक रहते थे। चुंगथांग से कुछ दूर पेंगोंग में आइटीबीपी की छावनी है। यहां का एक जवान परिवार के चार सदस्यों समेत लापता है। इसकी पुष्टि जिला प्रशासन ने की है।
लापता लोगों की खोज में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, सेना व आइटीबीपी के जवान संयुक्त रूप में अभियान चला रहे हैं। शनिवार को वायु सेना के हेलीकॉप्टर ने भी घटनास्थल तक पहुंचने का प्रयास किया, लेकिन मौसम खराब होने की वजह से सफलता नहीं मिली। राज्य में भारी बारिश जारी है। उधर, असम में भारी बारिश व बाढ़ से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है।