बॉलीवुड अभिनेता प्राण की हालत बिगड़ी, लीलावती में भर्ती

मुंबई। बॉलीवुड के वयोवृद्ध अभिनेता प्राण पिछले तीन दिनों से मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती हैं। उनकी पत्नी शुक्ला ने बताया कि बेहद कमजोरी के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लगभग छह दशकों तक बॉलीवुड में बड़े पर्दे पर अपने दमदार अभिनय से सभी का दिल जीतने वाले प्राण ने करीब 350 फिल्मों में अभिनय किया। इस दौरान उन्होंने हर तरह के किरदार निभाए। जहां लोगों ने उन्हें खलनायक की भूमिका में सराहा वहीं उन्होंने अपनी सकारात्मक भूमिका से भी काफी वाह-वाही बटोरी।

92 वर्षीय प्राण ने उपकार, जंजीर, विक्टोरिया नंबर 203, पूरब और पश्चिम जैसी कई फिल्मों में काम किया है। उन्हें 1967, 1969 और 1972 में सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का फिल्मफेयर पुरस्कार से भी नवाजे जा चुके हैं। वर्ष 1997 में उन्हें फिल्मफेयर की तरफ से लाइफटाइम एचीवमेंट अवार्ड भी दिया गया। भारत सरकार ने उन्हें हिंदी सिनेमा में उत्कृष्ठ योगदान के लिए वर्ष 2001 में पद्मभूषण से सम्मानित किया।

error: Content is protected !!