पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। पाकिस्तान के गृहमंत्री रहमान मलिक के भारत में होने के बावजूद पाक सेना की ओर से भारतीय सीमा पर रह रहकर गोलीबारी की जा रही है। यह गोलीबारी भारतीय सीमा में घुसपैठियों से भारतीय सेना का ध्यान हटाने के लिए की जा रही है।
पाकिस्तानी गृहमंत्री रहमान मलिक भारत से रिश्ते मजबूत करने के लिए नई दिल्ली आए हुए हैं और उधर पाकिस्तानी सेना सरहद पर लगातार संघर्ष विराम समझौते का उल्लंघन और घुसपैठ की कोशिश कर रही है। शुक्रवार को भी खराब मौसम का फायदा उठाते हुए पाकिस्तानी सेना ने भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ करवाने के लिए पुंछ जिले की कृष्णा घाटी सेक्टर की पांच पोस्टों पर ताबड़तोड़ गोलीबारी की।
पाकिस्तान ने रात करीब आठ बजे कृष्णा घाटी सेक्टर की नंगी टेकरी, क्रांति, क्रांति वन, घोड़ा व मान पोस्टों पर भारी गोलीबारी शुरू कर दी। सीमा पर धुंध, बर्फबारी और गोलीबारी की आड़ में आतंकियों का दल सीमा की ओर बढ़ा। इस दौरान पाकिस्तानी सेना ने गोलीबारी तेज करते हुए रॉकेट भी दागे, लेकिन भारतीय सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया। बता दें कि पाकिस्तान ने मंगलवार तक छह दिन लगातार सीमा पर गोलीबारी कर घुसपैठ का प्रयास किया। हालांकि, भारतीय सेना कड़ी चौकसी बरत रही है। पिछले हफ्ते फ्लैग मीटिंग में भी भारत ने पाकिस्तान के समझ यह मसला उठाया था।