हजयात्रा की पहली फ्लाइट गुरुवार सुबह 9:30 बजे सांगानेर एयरपोर्ट के टर्मिनल नंबर एक से रवाना होगी। इस बार राज्य से 5 हजार हजयात्री हज के मुकदस सफर के लिए रवाना होंगे। जयपुर से हज पर जाने वालों की संख्या 500 हैं।
सांगानेर के रिपोर्टिग स्थल पर पहली फ्लाइट में जाने वालों में 263 की रिपोर्टिग हो चुकी है। अब उन्हें सुबह फ्लाइट रवाना होने के तीन घंटे पहले एयरपोर्ट पहुंचना होगा। हजयात्रियों को विदा करने क लिए सुबह एयरपोर्ट के बाहर परिजनों की भीड़ रहेगी। परिजन अपने यात्री को माला पहनाकर व दुआओं के साथ मक्का मदीना के मुकदस सफर के लिए रवाना करेंगे।
हज कमेटी के अध्यक्ष सलीम कागजी ने बताया कि राज्य से हज पर जाने वालों की संख्या 5 हजार से अधिक है। हजयात्रियों के जाने का सिलसिला 20 अक्टूबर तक चलेगा। प्रत्येक फ्लाइट से 270 हजयात्री रवाना होंगे। कुल 19 फ्लाइट जाएगी। सांगानेर एयरपोर्ट पर हजयात्रियों के लगेज को विमान तक पहुंचाने के लिए वॉलंटियर्स की व्यवस्था रहेगी।