छतरपुर। भगवान श्री परशुराम जयंती समारोह शुक्रवार को श्री नरसिंह मंदिर पन्ना नाका में बड़ी भव्यता के साथ वैदिक रीति से मनाया गया। जिसमें बड़ी संख्या में विप्र बंधुओं ने अपनी सहभागिता की। समाज के उप मीडिया प्रभारी चन्द्रभान रावत ने बताया कि भगवान श्री परशुराम जयंती समारोह शुक्रवार को सुबह 9 बजे से प्रारंभ हुआ। सर्व प्रथम विश्व कल्यार्थ ब्राह्मणों द्वारा रामरक्षास्रोत एवं परशुरामस्रोत के पाठ किया गया। तत्पश्चात भगवान परशुराम जी की मूर्ति का पूजन हुआ। परिसर में चल रहे हवन यज्ञ कार्यक्रम में सभी विप्र बंधु बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान भगवान श्री परशुराम जी के बारे में समाज के संतों तथा विद्वजनों ने अपने विचार भी व्यक्त किए। उन्होंने संगठन से सर्वब्राह्मण समाज के हित में निरंतर कार्य करते रहने की अपेक्षा भी की। आयोजन के अन्त आभार प्रदर्शन समाज के सचिव जेपी शुक्ला द्वारा किया गया। तत्पश्चात प्रसाद वितरण संपन्न हुआ।
– सुशील त्रिपाठी 9425146133