माइक्रो पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण सम्पन्न
अजमेर। नसीराबाद विधानसभा उप चुनाव के लिए नियुक्त पर्यवेक्षक श्री परवेज अहमद मलिक ने सभी माइक्रो पर्यवेक्षकों को निर्देश दिए हंै कि वे 13 सितम्बर को होने वाले मतदान के दिन मतदान केन्द्रों में चुनाव प्रक्रिया का गम्भीरता से पर्यवेक्षण करें। चुनाव आयोग का निर्देश है कि चुनाव निष्पक्ष व निर्भय माहौल में सम्पन्न हों।
चुनाव पर्यवेक्षक श्री मलिक ने मंगलवार को सिविल लाईंस जवाहर स्कूल के सामने स्थित राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के राजीव गांधी भवन में माईक्रो पर्यवेक्षकों के प्रशिक्षण को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि हम आदर्श आचार संहिता की पालना तथा निर्विघ्न चुनाव सम्पन्न कराने के लिए पूरी गम्भीरता के साथ पर्यवेक्षण करें। कहीं भी किसी भी तरह की अनियमितता सामने आती है तो पर्यवेक्षक को तुरन्त सूचना दें।
माइक्रो पर्यवेक्षकों को सम्बोधित करते हुए प्रशिक्षण प्रभारी श्री भरत शर्मा ने कहा कि मतदान केन्द्र में केवल वही व्यक्ति प्रवेश कर सकता है जो उस केन्द्र का मतदाता है। यहां तक कि ड्यूटी पर तैनात बीएलओ एवं सुरक्षा के लिए लगाए पुलिसकर्मी भी सामान्य परिस्थिति में मतदान केन्द्र में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। मतदान केन्द्र के बाहर मतदाता सहायता केन्द्र की स्थापना की जाएगी। इस केन्द्र पर बीएलओ मतदान समाप्ति तक उपस्थित रहेंगे तथा मतदाताओं को जानकारी उपलब्ध कराएंगे। मतदान केन्द्र में कोई भी व्यक्ति हथियार लेकर प्रवेश नहीं कर सकेगा। माइक्रो पर्यवेक्षकों को इस बात का विशेष ध्यान रखना है।
उन्होंने बताया कि मतदान केन्द्र पर मतदाता पर्ची ही मतदाता की पहचान के रूप में काम आएगी। मतदान केन्द्र पर यदि कोई मतदाता फोटोयुक्त मतदाता पर्ची नहीं ला पाता है तो उसे पहचान से जुड़े अन्य दस्तावेजों की मदद से मतदान करवाया जाएगा। पर्यवेक्षक यह ध्यान रखेंगे कि इस प्रक्रिया का गम्भीरता से पालन हों।
दक्ष प्रशिक्षक श्री प्रदीप महरोत्रा ने माइक्रो पर्यवेक्षकों को मतदान केन्द्रों में मतदान से जुड़ी महत्वूपर्ण जानकारियां दी। श्री महरोत्रा ने बताया कि मतदान प्रात: 7 से शाम 6 बजे तक होगा। सभी मतदान दलों को मतदान से पूर्व नमूने का मतदान कराने के निर्देश दिए गए है। यह प्रक्रिया प्रात: 6 से 7 बजे के बीच सम्पन्न कर ली जाएगी। माइक्रो पर्यवेक्षकों को नमूने का मतदान एवं मतदान प्रक्रिया पर पैनी नजर रखनी है। प्रशिक्षण में आरपीएससी के उप सचिव एवं प्रशिक्षण प्रभारी श्री भगवत सिंह राठौड़ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।