ब्यावर। विश्व हिंदू परिषद की महिला इकाई मातृशक्ति व दुर्गावाहिनी की ओर से रविवार को जननी सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। यह समारोह आशापुरा माता मंदिर में दोपहर 2.30 बजे प्रारंभ होगा। जिला प्रभारी अर्चना लोहिया ने बताया कि शहर में पहली बार ऐसी माताओं को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने तीन या तीन से अधिक पुत्रियों को जन्म दिया है। समारोह में राष्ट्रीय संयोजिका दीदी माला रावल बतौर मुख्य वक्ता संबोधन देंगी। महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिता भदेल मुख्य अतिथि व अध्यक्ष जिला कलेक्टर आरुषि ए मलिक होंगी। प्रांत संयोजिका अभिलाषा यादव व जिला परिषद सदस्य संतोष गोयल विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी। समारोह में कन्या जन्म से संबंधित नाटिका का मंचन भी किया जाएगा। अंजू गर्ग के निर्देशन में बालिकाओं द्वारा नाटिका के जरिए बेटी बचाने का संदेश दिया जाएगा। शनिवार को मंदिर परिसर में कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। इस दौरान मातृशक्ति जिला संयोजिका निशा खंडेलवाल व विहिप जिलाध्यक्ष नितेश गोयल व महिला कार्यकर्ता मौजूद रही। गौरतलब है कि भ्रूण हत्या रोकने व कन्या जन्म को बढ़ावा देने के लिए यह समारोह आयोजित किया जा रहा है।
