विश्वशांति के लिए छोड़े 10 हजार पचरंगी गुब्बारे-1008 पांडुक शिलाओं का एक साथ हुआ अभिषेक
उज्जैन। तपोभूमि पर रविवार को 25 हजार लोगों की मौजूदगी में हुए 10वें महामस्तकाभिषेक में भगवान महावीर को 16 फीट का नारियल चढ़ाया गया। 10 हजार पचरंगी गुब्बारे विश्वशांति हेतु आकाश में छोड़े गए। 1008 पांडुक शिलाओं के एक साथ पूजन के साथ 21 फीट उंची भगवान महावीर की प्रतिमा पर शांतिधारा अभिषेक हुआ। मुनिश्री के सानिध्य में तपोभूमि से शोभायात्रा प्रारंभ हुई जो राघोपिपलिया इंदौर रोड़ होती हुई पुनः तपोभूमि पहुंची। पंजाब के लुधियाना से आया फतेह बैंड शोभायात्रा में विशेष आकर्षण का केन्द्र रहा। मुख्य अतिथि के रूप में आए केबीनेट मंत्री थावरचंद गेहलोत, सांसद चिंतामणि मालवीय, सांसद मंडला फग्गनसिंह कुलस्ते, विधायक अनिल फिरोजिया, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम बंसल, विधायक रोड़मल राठौर, कलेक्टर कवीन्द्र कियावत तथा मुनि प्रज्ञासागरजी के सानिध्य में भूपेन्द्र रेखा हूमड़, अंकुश प्रेक्षा हूमड़ मुंबईवालों द्वारा वृध्दों के लिए बनाए गए श्रावक साधना केन्द्र का लोकार्पण किया गया, तपोभूमि ट्रस्ट अध्यक्ष अशोक जैन चायवाला द्वारा 108 धर्मध्वजा फहराई गई एवं द्वारकाप्रसाद ममता मित्तल भावनगर, दीप प्रज्जवलन स्नेहलता श्रवण सोगानी द्वारा आचार्यश्री का चित्र अनावरण किया गया। विश्वशांति के प्रतीक 10 हजार गुब्बारों को आसमान में उड़ाकर तथा अतिथियों द्वारा दीप प्रज्जवलन कर कार्यक्रम प्रारंभ हुआ। प्रारंभ में प्रज्ञाकलामंच द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई जिनमें नारद द्वारा इंद्र को पृथ्वी लोक पर लाकर उज्जैन का इतिहास बताते हुए तपोभूमि पर लाने का नाटकीय रूपांतरण किया गया। प्रज्ञा पुष्प मंच ने अपने नाटक के जरिये तपोभूमि निर्माण में नींव के पत्थर बने गुरूभक्तों को याद किया। तत्पश्चात 16 फीट के नारियल का लोकार्पण कर उसे भगवान महावीर स्वामी के चरणों में समर्पित किया गया। 16 फीट का यह नारियल जल्द ही गिनीज बुक आॅफ वर्ल्ड रिकाॅर्ड्स में अपना नाम दर्ज कराकर इतिहास के पन्नों में नया कीर्तिमान स्थापित करने वाला है। विश्व में प्रथम बार 16 फीट का नारियल कलकत्ता के कलाकारों ने कड़ी मेहनत कर 10 हजार नारियलों की छाल से बनाया। कई इंजीनियरों की टीम एवं विशेषज्ञों की टीम ने इस पर सतत निगरानी करते हुए 2016 श्रीफल इसमें रखे। इस श्रीफल के लोकार्पण को देखने के लिए भारत ही नहीं विश्वभर से लोग श्रीमहावीर तपोभूमि पहुंचे। श्रीफल के लोकार्पण के पश्चात श्री महावीर स्वामी का जल से महामस्तकाभिषेक प्रारंभ हुआ जिसका सौभाग्य ओम परिवार जयपुर के सुशील स्नेहलता गोधा, भावेश बेला गोधा, दृष्टि उत्कृष्ट अभिजीत आदि ने लिया। प्रथम कलश के बाद 1008 पांडुक शिलाओं पर भगवान के चरणों की शांतिधारा 2016 इंद्रइंद्राणियों ने करते हुए भगवान महावीर स्वामी की भी 21 फीट की प्रतिमा पर शांतिधारा की। शांतिधारा का सौभाग्य सौधर्म इंद्र नवीन नीति जैन नव्य नुपूर जैन गाजियाबादवालों को प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में मुख्य रूप से विकास प्राधिकरण अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल, निगम अध्यक्ष सोनू गेहलोत, नगर निगम उपायुक्त रवीन्द्र जैन, पार्षद करूणा आनंद जैन, राजेश सेठी, बार कौंसिल आॅफ इंडिया के सदस्य प्रताप मेहता, हंसराज जैन, अरविंद कासलीवाल, उपाध्यक्ष विश्व हिंदू परिषद हुकुमचंद सांवला, सोसायटी फाॅर प्रेस क्लब के सदस्यों, राष्ट्रीय जैन मीडिया वेलफेयर सोसायटी के सदस्यगण उपस्थित थे। उक्त जानकारी देते हुए जैन मीडिया सोशल वेलफेयर सोसाइटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन कासलीवाल ने बताया की आज का आयोजन अपने आप में इतिहास रच गया है, वही आयोजन में पधारे श्रधालुओ के प्रति ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री अशोक जैन चाय वाला ने आभार व्यक्त किया.
सचिन कासलीवाल
9425195544