झंडापुर तिहरे हत्याकांड की जांच हो सीबीआई से : जनतांत्रिक पार्टी
बिहार में बढ़ते अपराध को लेकर आगामी 4 दिसंबर धरना देगी जनतांत्रिक पार्टी
पटना, 28 नवंबर 2017 : जनतांत्रिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल कुमार ने राज्य सरकार को दलित विरोधी बताते हुए कहा कि राज्य में लगातार दलितों – महादलितों की हत्या हो रही है, मगर सरकार राजगीर महोत्सव में नृत्य – संगीत में मस्त हैं। अनिल कुमार नवगछिया पुलिस जिले के झंडापुर में हुई तिहरे हत्याकांड में गंभीर रूप से जख्मी बिंदी कुमारी से मिलने पीएमसीएच पहुंचे थे। इस दौरान श्री कुमार ने घटना की सीबीआई जांच की मांग करते हुए कहा कि नीतीश कुमार दलितों के हितैषी बने फिरते हैं, लेकिन अपराधियों के निशाने पर दलित ही हैं। एक बार फिर से बिहार पूरी तरह अपराधियों के चंगुल में चला गया है। आज जो स्थिति राज्य में बनी है, वह जंगलराज से भी भयावह है। उन्होंने बिहार में बढ़ते अपराध को लेकर आगामी चार दिसंबर को एकदिवसीय धरने के आयोजन की भी बात कही।
श्री कुमार ने कहा कि ये कैसी सुशासन की सरकार है, जिसमें अपराधी बिना किसी डर के एक ही परिवार के तीन सदस्यों की निर्मम हत्या कर देते हैं और पुलिस मूक दर्शक बनी रहती है? हकीकत तो ये है सरकार सोई हुई। वे सिर्फ अपनी व्यवस्था में लगी रहती है। कहते हैं कि जल्द गिरफ्तारी होगी। लेकिन क्या कानून का राज सिर्फ गिरफ्तारी तक समिति रहेगा या फिर अपराधियों में भय पैदा करेगा? अब इस बच्ची का क्या होगा, जब उसके सभी परिजनों को मार दिया गया है? कैसे चलेगी इस मासूम की जीविका? इस पर सरकार को सोचना चाहिए।
श्री कुमार ने प्रशासन पर भी जोरदार हमला बोला और कहा कि सरकार व प्रशासन पूरी तरह से अपराधियों के चंगुल में चली गई है। राज्य में प्रशासन पर अपराधी हावी हैं। रोज दलितों की हत्या की जा रही है, मगर दलित उत्थान का नाम लेकर सत्ता में रहने वाले को इसकी कोई परवाह नहीं है। इसलिए हम इस पूरी मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग करते हैं और इस पीडि़त बच्ची को न्याय के साथ – साथ जीविका के प्रबंध की भी मांग करते हैं। अनिल कुमार के साथ संजय मंडल, डॉ स्मिता शर्मा, सुनील सिंह, रंजीत, प्रकाश राज, विजय पासवान, अम्बुज सिंह, कैलाश पासवान, प्रमोद कुमार निराला आदि लोगों ने भी बिंदी कुमार का हाल जाना और जल्द स्वस्थ होने की कामना की।