अजमेर, 09 दिसम्बर। जिला कलक्टर श्री गौरव गोयल की अध्यक्षता में शनिवार को राजस्व अधिकारियों की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई।
जिला कलक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान विभिन्न संस्थाओं द्वारा भूमि आंवटन की मांग के प्रकरणों को नियमानुसार निस्तारित करें। भूमि आंवटन की प्रक्रिया की मॉनीटेरिंग के लिए संबंधित उपखण्ड अधिकारी को जिम्मेदारी दी गई है। वे अपने क्षेत्र के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में भूमि आंवटन प्रकिया की मॉनीटेरिंग करेंगे।
उन्होंने कहा कि अजमेर जिले की चार तहसीलों अजमेर, पुष्कर, पीसांगन एवं नसीराबाद में सेटलमेंट विभाग द्वारा राजस्व रिकॉर्ड को दुरस्त किया जा रहा है। आगामी 12 दिसम्बर को आयोजित होने वाली ग्राम सभा में काश्तकार अपने राजस्व रिकॉर्ड में परिर्वतन अथवा आपत्ति के संबंध में आवेदन सादे कागज पर दे सकते है। ग्राम सभा में प्राप्त आवेदनों को सेटलमेंट विभाग को भेजा जाएगा। रिकॉर्ड दुरस्त होने के के पश्चात नक्शें बनने पर उन्हें देखकर भी आपत्ति दर्ज करवायी जा सकेगी।
उन्होंने कहा कि तहसीलदार स्तर पर समस्त पटवारियों की नियमित बैठक ली जानी आवश्यक है। राजस्व अधिकारियों की आगामी बैठक में तहसीलदार पटवारी मीटिंग का कार्य विवरण साथ लेकर आएंगे। जिले में अतिक्रमण के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही की जाएंगी। आदतन अतिक्रमियों को नियमानुसार कारावास की सजा भी सुनवाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि निजी वन विकसित करने के लिए पूर्व में आंवटित भूमि की अवधि समाप्त होने के पश्चात आंवटन निरस्त हो गया है। इस प्रकार की भूमि पर संबंधित व्यक्ति द्वारा वन विकसित करने की स्थिति में उसे वन विभाग को सुपुर्द किया जाएगा। वन विकसित नही होने की स्थिति में इसे राजकीय भूमि के रूप में दर्ज किया जाएगा।
मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम में मसूदा अव्वल
उन्होंने कहा कि मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम के अन्तर्गत एक जनवरी 2018 की पात्रता के अनुसार मतदाता सूचियों का पुनरीक्षण कर त्रुटि रहित मतदाता सूची तैयार की जाए। मसूदा विधानसभा क्षेत्र में 31 अक्टूबर से 30 नवम्बर तक 6 हजार 720 नये मतदाताओं के पंजीकरण आवेदन पत्र भरवाए गए। यह जिले में सर्वाधिक है। द्वितीय स्थान पर नसीराबाद विधानसभा क्षेत्र रहा है। इसमें 6 हजार 540 मतदाताओं के फार्म 6 भरे गये।
उन्होंने कहा कि इस मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम में राष्ट्रीय एवं मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी के द्वारा प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की आएगी। प्रत्येक बूथ पर न्यूनतम आधारभूत सुविधााओं की जांच राजस्व अधिकारियों के द्वारा की जाएगी। बूथ पर रैम्प, बिजली, पेयजल तथा शौचालय की सुविधाओं की जांच इस दौरान की जाएगी। स्वीप कार्यक्रम के अनतर्ग वाल पेन्टिग का कार्य करवाया जाएगा।
इस अवसर पर प्रशिक्षु आईएएस टीना डाबी, ब्यावर उपखण्ड अधिकारी श्री पीयूष समारिया, अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री कैलाश चन्द शर्मा, श्री अबूसूफियान चौहान, श्री अरविंद कुमार सैंगवा, स्वायत शासन विभाग के उप निदेशक श्री किशोर कुमार सहित जिले के समस्त उपखण्ड अधिकारी एवं तहसीलदार उपस्थित थे।