बीकानेर, 9 जनवरी। वरिष्ठ पत्रकार बजरंग शर्मा की स्मृृति में मंगलवार को सूचना केन्द्र में आयोजित शोकसभा में उन्हें प्रिंट व इलेक्ट्रोनिक मीडिया के पत्रकारों द्वारा भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
वक्ताओं ने शर्मा के व्यक्तित्व व कृृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शर्मा के लिए पत्रकारिता व्यवसाय नहीं, अपितु मिशन थी। उनका पत्रकारिता जगत में विशिष्ट स्थान था। उन्होंने क्राइम व कोर्ट, आयकर सहित विभिन्न विभागों की पूर्ण निष्ठा से रिपोर्टिंग की। बीकानेर के साथ उन्होंने श्रीगंगानगर में भी कार्य किया। सेवानिवृत्ति के बाद भी वे स्थानीय अखबारों में विशेष रिपोर्टिंग कर रहे थे। उनका पत्रकारिता के प्रति समर्पण अनुकरणीय था।
शोकसभा में पत्रकार लूणकरण छाजेड़, जार के अध्यक्ष श्याम मारू, जार के प्रदेश संगठन सचिव व एनयूजेआई की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य भवानीशंकर जोशी, दीपचंद सांखला, हेम शर्मा, अनुराग हर्ष, रमेश महर्षि, मनमोहन अग्रवाल, बाबू सिंह कच्छावा, हनुमान चारण, अपर्णेश गोस्वामी, हरीश बी.शर्मा, नीरज जोशी, मोहन थानवी, हरि सिंह, सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के सेवानिवृत्त संयुक्त निदेशक दिनेश चन्द्र सक्सेना, जनसम्पर्क अधिकारी हरिशंकर आचार्य, सहायक जनसम्पर्क अधिकारी शरद केवलिया, पुस्तकालयाध्यक्ष राजेन्द्र भार्गव, फोटो जनर्लिस्ट अजीज भुट्टा, नौशाद, आर सी सिरोही, ओम दैया, आनंद आचार्य, महेन्द्र मधुप, राजेश रतन व्यास, सुमित व्यास, मोहम्मद अली पठान,कमलकान्त शर्मा ने स्वर्गीय शर्मा के व्यक्तित्व व कार्यों का स्मरण करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए। शोकसभा में दो मिनट का मौन रखकर तथा स्वर्गीय शर्मा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हेें श्रद्धांजलि दी गई।
बजरंग शर्मा पुरस्कार की घोषणा-जर्नलिस्ट एसोसिएशन ऑफ राजस्थान के प्रदेश संगठन सचिव व एनयूजेआई के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य भवानी शंकर जोशी ने बजरंग शर्मा के नाम पर हर वर्ष एक पत्रकार को सम्मानित करने की घोषणा की। यह पुरस्कार जार की तरफ से प्रदान किया जाएगा। पुरस्कार के तहत नकद राशि, श्रीफल एवं स्मृृति चिन्ह भेंट किए जाएंगे।
– मोहन थानवी