*अजमेर, 21 अक्टूबर 2026।* गीतांजली कल्चरल एण्ड वेलफेयर सोसाइटी, अजमेर द्वारा श्री श्री शारदीय दुर्गा पूजा महोत्सव का आयोजन दीनदयाल उद्यान, जनता कॉलोनी, भोलेश्वर महादेव मंदिर के पास, वैशाली नगर, अजमेर में किया जा रहा है।
आज 21 अक्टूबर, दशमी के दिन सुबह माता की विजयादशमी की पूजा की गई। सभी भक्तों ने मंत्रोच्चार के साथ माता की परिक्रमा की और पुष्पांजलि अर्पित की। मंत्रों के साथ माता के पधारने का आभार व्यक्त किया गया तथा पूजा-अर्चना में हुई किसी भी भूल या त्रुटि के लिए क्षमा प्रार्थना की गई। उसके पश्चात हल्दी के पवित्र जल में दर्पण विसर्जन कर माता का वैदिक विसर्जन किया गया, जिससे सारा वातावरण करुणामय हो गया।
*सिंदूर खेला ने बांधा समां*
इसके बाद सभी सुहागिन स्त्रियों ने माता को सिंदूर लगाकर और मिठाई खिलाकर अपने लंबे सुहागमय जीवन की कामना की। तत्पश्चात सभी सुहागिनों ने मिलकर “सिंदूर खेला” किया। एक-दूसरे की मांग में सिंदूर लगाकर, बधाई देकर और मुंह मीठा कराकर दीर्घ सुहाग की मंगल कामना की गई।
शाम 4.30 बजे सभी देवी-देवताओं की मूर्तियों को जुलूस के साथ, अगले वर्ष जल्दी आने की कामना करते हुए हर्षोल्लास के साथ जल में विसर्जित किया गया।
बाद में समाज के सभी लोगों ने शांति जल के छींटे लिए और एक-दूसरे को गले लगाकर व बड़ों के पांव छूकर विजयादशमी की बधाई दी तथा बड़ों का आशीर्वाद लिया। अंत में अल्पाहार व मिठाई का सेवन कर सभी ने हर्षोल्लास के साथ सुख-शांतिपूर्वक पूजा सम्पन्न होने की बधाई दी।
*भवदीय,*
*पी. के. दास*
*कोषाध्यक्ष*
*गीतांजली कल्चरल एण्ड वेलफेयर सोसाइटी, अजमेर*