जिला एवं उपखण्ड स्तर पर कायम होंगे नियंत्रण कक्ष
अजमेर 4 अपे्रल। जिला मजिस्ट्रेट श्री गौरव गोयल ने एक आदेश जारी कर आगामी 18 अप्रेल को अक्षय तृतीया (आखातीज) तथा 29 अप्रेल को पीपल पूर्णिमा पर अबूझ सावे होने के कारण जिले भर में बाल विवाह रोकने के लिए विशेष सतर्कता एवं निगरानी रखने के निर्देश दिए है।
आदेश के तहत जिले में बाल विवाहों को तुरन्त रोकने हेतु अक्षय तृतीया एवं पीपल पूर्णिमा के अवसर पर अप्रेल -मई 2018 से 24 घण्टे (लगभग एक माह तक) जिला स्तर एवं प्रत्येक उपखण्ड मुख्यालय स्तर पर नियंत्रण कक्ष क्रियाशील रहेंगे। उपखण्ड मुख्यालय पर नियंत्रण कक्ष के प्रभारी संबंधित उपखण्ड मजिस्ट्रेट एवं जिला स्तर पर अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (शहर) प्रभारी अधिकारी रहेंगे। उन्होंने बताया कि जिला स्तर एवं उपखण्ड मुख्यालय स्तर पर स्थापित नियंत्रण कक्षों में शिकायत पेटी भी स्थापित की जाएगी। इस नियंत्रण कक्ष में पुलिस विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, चिकित्सा विभाग एवं पंचायतीराज विभाग की सहभागिता ली जाकर नियंत्रण कक्ष स्थापित किए जाएंगे।