शिक्षा राज्यमंत्री श्री देवनानी एवं महापौर ने लिया सुभाष उद्यान निर्माण कार्य का जायजा
जून तक काम होगा पूरा, 15 अगस्त तक शहरवासियों को होगा उपलब्ध उद्यान
योग पार्क, बोट राइडिंग, टॉय ट्रेन, कैफेटेरिया और अन्य खासियतों भी है पार्क में
12 करोड़ से अधिक राशि होगी खर्च, 4 फीट से अधिक ऊपर उठाया गया है भूमि को
अब नहीं भरेगा पानी, चूहों की समस्या भी खत्म
अजमेर, 4 अप्रैल। किसी भी शहर का उद्यान उसकी खासियतों का आइना होता है। यह शहर की सुदंरता और आदत, दोनों को परिलक्षित करता है। अजमेर का सदियों पुराना सुभाष उद्यान अब नए ढंग से तैयार किया जा रहा है। टूरिज्म, स्पि्रचुअलिटी, फन और फिटनेस। अपनी इन्हीं पुरानी खासियतों के साथ सुभाष उद्यान शीघ्र ही शहर के लोगों को उपलब्ध होगा। करीब 12 करोड़ से अधिक राशि से पार्क को नया रूप दिया गया है। जून तक पार्क का काम पूरा हो जाएगा और 15 अगस्त से यह शहर के लोगों को उपलब्ध होगा।
शिक्षा राज्यमंत्री श्री वासदेव देवनानी ने आज महापौर श्री धमेर्ंद्र गहलोत एवं नगर निगम के अधिकारियों के साथ हृदय योजना के तहत चल रहे सुभाष उद्यान के कायाकल्प कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि यथाशीघ्र पार्क से संबंधित सभी कार्य पूरे कर लिए जाएं। शहर के लोगों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिलना चाहिए।
साइक्लिंग, रनिंग और वॉकिंग के बनेंगे अलग-अलग ट्रैक
शिक्षा राज्यमंत्री श्री देवनानी ने बताया कि यह पार्क स्वास्थ्य का ध्यान रखने वाले के लिए आदर्श स्थान साबित होने जा रहा है। देश में ऎसे बहुत कम पार्क हैं, जहां साइक्लिंग, रनिंग और वॉकिंग के लिए अलग-अलग ट्रैक हों। प्रत्येक ट्रैक की लम्बाई करीब 800 मीटर एवं चौड़ाई 3 मीटर रखी गई है। यानि आप पटेल स्टेडियम में रनिंग या वाकिंग करते हैं तो पार्क का एक चक्कर स्टेडियम की तुलना में दोगुना होगा।
योग के रंग आध्यात्मिकता के संग
उन्होंने बताया कि सुभाष उद्यान में योग पार्क का भी निर्माण किया जा रहा है। यहां सूर्य नमस्कार के 12 आसनों की मूर्तियां योग के साधकों को प्रेरित करेंगी। पार्क में पहले से ही स्थापित भगवान शिव का मंदिर भी धर्मप्रेमियों के आकर्षण का केंद्र रहेगा।
बच्चों को आएगा मजा
श्री देवनानी ने बताया कि अजमेर शहर में एक ऎसे स्थान की कमी महसूस की जा रही थी जहां बच्चे खेल सकें। सुभाष उद्यान इस कमी को पूरा करने जा रहा है। यहां बच्चे बोटिंग, टॉय ट्रेन, ओपन एयर जिम और झूलों का आनंद ले सकेंगे। उद्यान के बीचों-बीच पैडल बोट के लिए बड़ा पूल तैयार किया जा रहा है। साथ एक बड़ा टॉय ट्रेन ट्रैक भी तैयार करवाया गया है। झूलों के लिए विशेष स्थान चिंहित किया गया है। लोग कैफेटेरिया का भी आनंद ले सकेंगे।
4 फीट से अधिक ऊपर उठाया गया है भूमि को
महापौर श्री धमेर्ंद्र गहलोत ने बताया कि सुभाष उद्यान के कायाकल्प में 12 करोड़ से अधिक राशि खर्च होगी। सुभाष उद्यान में पानी बारिश का पानी भरने की समस्या थी। पार्क की भूमि को सभी जगहों पर 4 फीट से ऊपर उठाया गया है। इससे पानी भरने तथा चूहों की समस्या से निजात मिल जाएगी। पार्क एवं यहां आने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए भी विशेष इंतजाम किए जाएंगे।
3200 करोड़ की राशि से स्कूलों में हुए निर्माण कार्य- श्री देवनानी
राजकीय बालिका उ.मा.वि.क्रिश्चयनगंज में कक्षा कक्ष निर्माण कार्य का शिलान्यास
माध्यमिक शिक्षा में देश में पहले स्थान पर पहुंचा राजस्थान
अजमेर 04 अप्रेल। शिक्षा एवं पंचायतीराज राज्यमंत्री श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि राजस्थान की शिक्षा का परचम अब पूरे देश में फहरा रहा है। नेशनल अचीवमेंट सर्वे में माध्यमिक शिक्षा में राजस्थान देश में पहले स्थान पर आ गया है। वहीं प्रारम्भिक शिक्षा में हम देशभर में दूसरे स्थान पर हैं। प्रदेश के स्कूलाें में चार साल में 3200 करोड़ की लागत से निर्माण कार्य करवाए गए है।
शिक्षा एवं पंचायतीराज राज्यमंत्री श्री वासुदेव देवनानी ने आज राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय क्रिश्चयनगंज में 16 लाख की लागत से नए कक्षा कक्षों के निर्माण कार्य का शुभारम्भ किया। श्री देवनानी ने कहा कि प्रदेश के स्कूलों में 3200 करोड़ की लागत से रमसा के तहत निर्माण कार्य करवाए गए है। शीघ्र ही नाबार्ड से प्राप्त 600 करोड़ की लागत से 2 हजार स्कूलों में निर्माण कार्य करवाए जाएंगे। अजमेर शहर में रमसा के तहत 10 करोड़ रूपए के निर्माण कार्य करवाए गए हैं। स्कूलों को भौतिक रूप से समृद्ध बनाने के लिए पूरी गम्भीरता से प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राजस्थान में पिछले चार सालों में शिक्षा के क्षेत्र में आमूलचूल परिवर्तन हुआ है। पहले राजस्थान देशभर में 21वें स्थान पर था अब समग्र रूप से देश में दूसरे स्थान पर आ गया है। माध्यमिक शिक्षा के क्षेत्र में हम देश में पहले एवं प्रारम्भिक शिक्षा में दूसरे स्थान पर आ गए हैं। उन्होंने कहा कि हमने कक्षा 3,5 एवं 8 की परीक्षा पद्धति में बदलाव किए। सर्वे में 8वीं कक्षा की पढ़ाई में हम देश में पहले, 5वीं में दूसरे एवं 3 कक्षा की पढ़ाई में हम देश में तीसरे स्थान पर हैं। यह परिणाम और अधिक परिष्कृत होंगे। राजस्थान के विद्यार्थी को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के लिए प्रदेश के 27 हजार 900 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को लैपटॉप वितरित किए जा रहे है। प्रदेश के एक लाख 60 हजार शिक्षकों को कम्प्यूटर की ट्रेनिंग दी जा चुकी है।
शिक्षा राज्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों को देश के इतिहास, संस्कृति और समाज से परिचित कराने के लिए सभी स्कूलों में भारत दर्शन गलियारा तैयार किया जाएगा। इसमें फोटो गैलेरी के रूप में भारत के इतिहास और संस्कृति की शिक्षा दी जाएगी। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि मन लगाकर पढ़ें और अपने समाज और देश को आगे बढ़ाएं।
इस अवसर पर अध्यक्ष श्री अरविंद यादव, श्री राजेश शर्मा सहित विभाग के अधिकारी, विद्यार्थी एवं अभिभावक उपस्थित थे।