ई-हेल्थ सेंटर स्थापना के लिए हुआ एम.ओ.यू.

अजमेर, 30 जुलाई। जिला कलक्टर आरती डोगरा की उपस्थिति में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. के.के. सोनी एवं एच पी एंटरप्राइज इंडिया के कॉरपोरेट एफेयर्स एवं सरएसआर फण्ड के निदेशक श्री अम्बरीश बाकया के बीच सोमवार को जिले में ई-हेल्थ सेंटर स्थापना के लिए एम.ओ.यू. किया गया। जिसके तहत जिले की तीन राजकीय आदर्श प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र कुचील, सराधना, रामसर एवं एक शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र वैशाली नगर को शामिल किया गया है।

जिला कलक्टर ने बताया कि ई-हेल्थ सेंटर के माध्यम से आमजन को स्वास्थ्य केन्द्र स्तर पर बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सकीय सेवाएं दी जाने के लिए एचपी इंटरप्राइज इंडिया द्वारा परीक्षण के लिए लैब, टेली-मेडिसिन, ईएमआर (ईलेक्ट्रॉनिक मेडिकल रिकार्ड ) एवं अन्य विविध प्रकार के उपकरण उपलब्ध करवाएं जाएंगे। जिसके माध्यम से 54 प्रकार की जांच की जा सकेगी।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि इन स्वास्थ्य केन्द्रों पर जो भी मरीज ईलाज के लिए आता है उसका समस्त ईलाज संबंधी डाटा ई सेंटर क्लाउड पर सुरक्षित रहेगा। मरीज के द्वारा पुनः ईलाज के लिए आने पर पुराना डाटा देखकर आगे का ईलाज दिया जा सकेगा। इसमें सब सेंटर पर एएनएम द्वारा टेली मेडिसन के माध्यम से मरीज के ईलाज के संबंध में सलाह भी ली जा सकेगी। यह सभी रिकार्ड सेंटर पर स्थायी रूप से रहेगा तथा मरीज को आगे भी ईलाज में डिजीटल समाधान मिल सकेगा।

उन्होंने बताया कि इन प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों को कम्प्यूटर सिस्टम वैब केम, बॉयोमेट्रिक, वाईफाई सहित दिए जाएंगे। स्वास्थ्य उपकरणों में मल्टिपारा, एसपीओ-2, तापमापी, एनआईबीपी, स्पाइरोमीटर, हिमोग्लोबीन और ग्लूकोस डिवाइस स्ट्रीप तथा ईसीजी सैट प्रदान किए जाएंगे। इसके अन्तर्गत बॉयो केमिस्ट्री एनालॉयजर (बीसीए) दिया जाएगा। इससे एसिड फॉसफेट, एल्बुमिन, एल्केलाइन फॉसफेट, एमाइलेज, एपोलिपोप्रोटिन ए और बी, एन्टी स्ट्रीपटो लाइसिन ओ, ब्लड यूरिया, बिलिरूबिन, कैल्सियम, कॉलेस्टॉल, कैरेटिन, माईग्लोबिन, क्लोराईड, क्रिटिनिन, सी-रिएक्टिव प्रोटिन, आयरन, गामा ग्लोमायल, ग्लूकोज, ग्लोबुलिन, ग्लुटेमेट डिहाइड्रोजेनेज, हिमोग्लोबिन, ग्लाईकोसाइलेटेड एचबी, एचबीडी, बाई कार्बोनेट, हाई एवं लो डेन्सिटी लिपोप्रोटिन, पोटेशियम, लेक्टेड डिहाईड्रोजेनेज, लाईपेज, मैगनेशियम, सोडियम, अमोनिया, पीएचएल, फॉसपोरस, आर एच फेक्टर, एसजीओटी, एसजीपीटी, ट्राईग्लीस्राइड, टीआईवीसी, कुल प्रोटिन, यूरिया, यूरिक एसिड, जिंक, माइक्रो एलबूमिन एवं प्रोटिन की जांच हो सकेगी। मोबाइल ईपीएचसी की अवधारणा के अन्तर्गत टेबलेट प्रदान कर सब सेंटर को भी ई सेंटर से जाड़ने की भविष्य में योजना है। ई सेेंटर क्लाउड पर इलेक्ट्रॉनिक मेडिकल रिकार्ड (ईएमआर), इंटिग्रेशन तथा डेशबोर्ड की सुविधाएं उपलब्ध रहेगी।

श्री अम्बरीश बाकया ने कहा कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में हमेशा एक मजबूत, आसानी से उपलब्ध स्वास्थ्य केन्द्र आधारित संरचना की जरूरत रहती है ताकि आमजन को गुणवत्तापूर्ण सुविधा आराम से मिल सकें। एचपी इंटरप्राइज इंडिया के माध्यम से एक प्रभावी, उन्नतिशील एवं निःशुल्क सुविधा आसानी से आमजन की पहुंच में रहेगी, जिससे बेहतर सुविधाएं दी जा सकेगी।

एम.ओ.यू. के समय जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामलाल चौधरी, किशनगढ़ के ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. स्वाति शिन्दे, पीसांगन के डॉ. घनश्याम मोयल, श्रीनगर के डॉ. अशोक कालरा, कुचील की चिकित्सा अधिकारी प्रभारी डॉ. सर्वज्ञ चतुर्वेदी, सराधना के डॉ. शैलेन्द्र लाखन, रामसर के डॉ. राजीव जैन तथा वैशाली नगर के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय महावर उपस्थित थे।

error: Content is protected !!