एफआईआर और हिरासत से कांग्रेस की आवाज नहीं दबा सकती तानाशाही सरकार

अजमेर। अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल ने केंद्र की भाजपा सरकार पर लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पहले चुनाव आयोग जाने से रोका गया, फिर एफआईआर दर्ज की गई और अब जंतर-मंतर जाने से रोककर कांग्रेस के सांसदों को हिरासत में लिया गया। सांसदों की बस को रोकना, श्री राहुल गांधी एवं श्रीमती प्रियंका गांधी को हिरासत में लेना तथा सांसदों के साथ धक्का-मुक्की करना लोकतंत्र के लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है।

डॉ. जयपाल ने कहा कि जंतर-मंतर देश के आम नागरिक, जनप्रतिनिधियों और विपक्ष की आवाज उठाने का लोकतांत्रिक मंच है। यदि देश के नेता प्रतिपक्ष और निर्वाचित सांसदों को भी अपनी बात रखने के लिए जंतर-मंतर तक जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी, तो यह स्पष्ट है कि सत्ता लोकतांत्रिक सवालों का सामना करने के बजाय उन्हें दबाने का रास्ता अपना रही है।

उन्होंने कहा कि एफआईआर, गिरफ्तारी और हिरासत कांग्रेस कार्यकर्ताओं के हौसले को नहीं तोड़ सकते। कांग्रेस का इतिहास संघर्ष, सत्य और लोकतंत्र की रक्षा के लिए कुर्बानी देने का इतिहास रहा है। 1977 में पूर्व प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी जी की गिरफ्तारी के बावजूद कांग्रेस की विचारधारा और जनसमर्थन को समाप्त नहीं किया जा सका। जनता ने 1980 में उन्हें प्रचंड जनादेश देकर सत्ता में वापस भेजा और उस समय की सरकार राजनीतिक रूप से बिखर गई।

डॉ. जयपाल ने कहा कि आज भी सत्ता को यह समझ लेना चाहिए कि किसी आवाज को हिरासत में लिया जा सकता है, लेकिन विचारों को हिरासत में नहीं लिया जा सकता। श्री राहुल गांधी का स्पष्ट संदेश है—“डरो मत”। यही संदेश आज देशभर के करोड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं के दिल में ऊर्जा और साहस भर रहा है।

उन्होंने कहा कि भागवत-मोदी-शाह की सत्ता लोकतांत्रिक सवालों से घबराकर “खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे” वाली कार्रवाई कर रही है। विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए कभी एफआईआर, कभी पुलिस कार्रवाई और कभी हिरासत का सहारा लिया जा रहा है, लेकिन भाजपा सरकार जितना कांग्रेस को रोकने का प्रयास करेगी, उतनी ही मजबूती से कांग्रेस लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए सड़कों पर उतरेगी।

डॉ. जयपाल ने कहा कि कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता हर एफआईआर, हर गिरफ्तारी और हर दमनात्मक कार्रवाई को लोकतंत्र बचाने की लड़ाई का तमगा मानता है। कांग्रेस डरने वाली नहीं है और न ही अन्याय के सामने झुकने वाली है।

उन्होंने कहा कि देश की जनता सब देख रही है। लोकतंत्र में सत्ता जनता के सवालों से चलती है, पुलिस की बैरिकेडिंग और हिरासत से नहीं। आज लोकतंत्र की आवाज को रोकने की जितनी कोशिश की जाएगी, कल वही आवाज उतनी ही बुलंद होकर सत्ता के दरवाजे तक पहुंचेगी।

सत्ता जितना रोकेगी, कांग्रेस की आवाज उतनी ही बुलंद होगी।
लोकतंत्र बचेगा, संविधान बचेगा और जनता की आवाज जीतेगी।

शैलेश गुप्ता
प्रवक्ता
अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!