कांग्रेस का सफाई कर्मचारियों के आंदोलन को समर्थन

केकड़ी_अजमेर
केकड़ी नगरपालिका के सफाई कर्मचारियों द्वारा करीब 15 दिनों से चल रहे धरने का समर्थन करते हुवे अब कांग्रेस उनके पक्ष में उतर आई है। आज यहां धरना स्थल पर सांसद डॉ रघु शर्मा के निर्देश पर नगर कांग्रेस अध्यक्ष व पालिका में प्रतिपक्ष नेता एडवोकेट निर्मल चौधरी ने सफाई कर्मचारियों से बातचीत की तथा उनकी समस्याएं जानी। कांग्रेस नेता निर्मल चौधरी ने बताया कि सफाई कर्मचारी पिछले 2 सप्ताह से धरने पर बैठे हैं आखिर प्रशासन उनकी समस्या के निस्तारण के लिए क्यों कार्यवाही नहीं कर रहा। जबकि सफाई कर्मचारियों की सभी मांगे जायज है , प्रशासन को उन्हें तसल्ली से सुनकर उनकी समस्याओं का जल्द निस्तारण करना चाहिए। चौधरी का आरोप है कि सफाई कर्मचारियों के आंदोलन के चलते शहर की सफाई व्यवस्था चौपट हो रही है जगह जगह सार्वजनिक स्थलों पर कचरे के ढ़ेर लगे हुए हैं नगरवासी बेवजह परेशान हो रहे हैं। वहीं उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर प्रशासन ने शीघ्र सफाई कर्मचारियों की नहीं सुनी तो नगर कांग्रेस कमेटी जन आंदोलन करेगी। नगर कांग्रेस कमेटी द्वारा सफाई कर्मचारियों के समर्थन में उतरने पर भाजपाइयों ने आरोप लगाया है कि इस मामले को लेकर कांग्रेस अब ओछी राजनीति कर रही है, भाजपाइयों का कहना है कि सफाई कर्मचारियों को धरना देते हुए 15 दिन हो गए कांग्रेस नेताओं को अब ही क्यों याद आई। उधर महिला सफ़ाई कर्मचारियों द्वारा गत दिनों भाजपा पार्षद प्रीतम जैन द्वारा महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करने व जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने के आरोप में पुलिस में दर्ज कराई गई रिपोर्ट पर कोई कार्यवाही न होने, यहां तक कि मामले की रिपोर्ट तक दर्ज न करने पर महिलाओं सहित सफाई कर्मचारियों में रोष व्याप्त है। महिलाएं पार्षद के खिलाफ मामला दर्ज करने व उसे गिरफ्तार करने की मांग को लेकर अड़ी हुई हैं। वहीं दूसरी ओर पालिकाध्यक्ष अनिल मित्तल मामले को सुलझाने में जुटे हैं। आज ही उनके निवास पर पालिकाध्यक्ष ने पार्षदों की बैठक लेकर उनसे सलाह मशविरा किया। सफाई कर्मचारियों से राजीनामा कर जल्द ही मामले को निपटाने के लिए उन्होंने आज वाल्मीकि समाज के नेताओं से भी बात की। समाज के नेताओं ने पालिकाध्यक्ष को बताया कि महिलाएं पार्षद के खिलाफ कार्यवाही की मांग को लेकर अड़ी हुई है फिर भी वे आज उनसे बात कर उन्हें समझाने की कोशिश करेंगे। इधर पुलिस अधिकारियों ने भी पालिकाध्यक्ष व पार्षद को स्पष्ट शब्दों में कह दिया है कि वे आज इस मामले को निपटा लें अन्यथा कल पुलिस को अग्रिम कार्यवाही करनी पड़ेगी। बताया जा रहा है कि स्थानीय पुलिस पर भी उच्चाधिकारियों का कार्यवाही के लिए दबाव आ रहा है। उल्लेखनीय है कि गत दिनों सफ़ाई कर्मचारियों की भर्ती में पालिका प्रशासन की मनमानी व अनियमितताओं से खफा होकर सफाई कर्मचारी कई दिनों से पालिका के बाहर धरने पर बैठे हैं। लेकिन पालिका प्रशासन के अड़ियल रवैय्ये के चलते सफाई कर्मचारियों की मांग के अनुसार भर्ती प्रक्रिया की जांच अभी तक शुरू नहीं हो पाई है आखिर क्यों, जबकि गत दिनों क्षेत्रीय विधायक शत्रुघ्न गौतम भी सफाई कर्मचारियों को जांच कराने का आश्वासन दे चुके हैं उसे भी करीब एक सप्ताह होने आया फिर भी कोई कार्यवाही नहीं हुई इस वजह से भी सफाई कर्मचारी खफा हैं। ऊपर से पार्षदों द्वारा सफाई कर्मचारियों के साथ बदसलूकी कर्मचारियों के गुस्से को हवा दे रही है। सूत्रों के मुताबिक अब सफाई कर्मचारियों ने निर्णय लिया है कि अगर सफाई कर्मचारी भर्ती मामले में शीघ्र ही कोई ठोस कार्यवाही नहीं होती है और महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार के मामले में पार्षद के खिलाफ कोई कार्यवाही नही होती है तो सभी सफाई कर्मचारी आंदोलन पर उतर जाएंगे और शहर की तमाम सफाई व्यवस्था को ठप्प कर देंगे।

error: Content is protected !!