अजमेर। अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल ने आज नगर निगम में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के भ्रष्टाचार, तानाशाही और कांग्रेस पार्षदों के प्रति असंसदीय व्यवहार के खिलाफ तीखा हमला बोला है। आज आयोजित कांग्रेस पार्षदों की समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. जयपाल ने स्पष्ट घोषणा की है कि भारतीय जनता पार्टी स्वयं बुराई का प्रतीक बन चुकी है और जो खुद बुराई का प्रतीक हैं, वे क्या रावण का दहन करेंगे, इसीलिए इस बार अजमेर में कांग्रेस का रावण भी अलग जलेगा और कांग्रेस के राम भी अलग होंगे।
बैठक में शहर जिलाध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल ने बताया कि नगर निगम में भाजपा पार्षद सतीश बंसल द्वारा कांग्रेस की महिला पार्षदों और अन्य पार्षदों के सामने घोर अभद्रता, गाली-गलौज और दुर्व्यवहार किया गया, जिसके विरोध में कांग्रेस पार्षदों ने राजस्थान नगरपालिका अधिनियम के प्रावधानों के तहत नगर निगम की मेयर अनामिका शर्मा से नियमानुसार साधारण सभा बुलाने की मांग की थी और उन्हें 7 दिन का स्पष्ट समय दिया गया था। अत्यंत खेदजनक है कि विहित समयावधि बीत जाने के बावजूद न तो मेयर ने साधारण सभा बुलाई और न ही दोषी भाजपा पार्षद सतीश बंसल ने अपने कृत्यों के लिए माफी मांगी।
मेयर द्वारा अधिनियम के तहत साधारण सभा न बुलाए जाने पर आज सभी कांग्रेस पार्षदों ने एकजुट होकर नगर निगम आयुक्त को नगरपालिका अधिनियम के प्रावधानों के तहत स्वयं साधारण सभा आहुत करने हेतु मांग पत्र सौंपा, जिसकी प्रतिलिपि निदेशक एवं शासन सचिव स्वायत्त शासन विभाग शासन सचिवालय जयपुर तथा उप-क्षेत्रीय निदेशक स्वायत्त शासन विभाग के नाम सख्त कार्रवाई हेतु प्रेषित की गई है।
डॉ. राजकुमार जयपाल ने कहा कि विगत नगर निगम चुनावों में अजमेर की जनता ने स्पष्ट रूप से कांग्रेस को जनादेश दिया था, लेकिन भाजपा ने पार्षदों की खरीद-फरोख्त कर अनैतिक रूप से नगर निगम का बोर्ड बनाया। निगम में लगातार कांग्रेस पार्षदों को दरकिनार करने, विकास कार्यों में तवज्जो न देने, अभद्रता करने और मेयर द्वारा कोई कार्रवाई न करने के विरोध में कांग्रेस पार्षदों ने प्रथम नवरात्रा से ही नगर निगम के तमाम सरकारी आयोजनों का पूर्ण बहिष्कार किया है तथा हाल ही में आयोजित गरबा रास कार्यक्रम में भी कांग्रेसी शामिल नहीं हुए।
शहर जिलाध्यक्ष ने ऐलान किया कि भाजपा के अनैतिक बोर्ड और बुराई के खिलाफ इस विजयदशमी पर गढ़वाल पैलेस तोपड़ा अजमेर में कांग्रेस पार्टी एवं पार्षदों द्वारा भव्य रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के पुतलों का दहन किया जाएगा, जिसमें कांग्रेस के राम भी अलग होंगे और रावण दहन भी अलग होगा। डॉ. राजकुमार जयपाल ने अजमेर की आम जनता से अपील की है कि वे असत्य और तानाशाही के खिलाफ इस भव्य रावण दहन कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पधारकर कार्यक्रम को सफल बनाएं।
कांग्रेस प्रवक्ता शैलेश गुप्ता ने बताया कि बैठक में डॉ राजकुमार जयपाल डॉ द्रोपती कोली महापौर प्रत्याशी किरण गढ़वाल उप महापौर प्रत्याशी नोरत गुर्जर उपाध्यक्ष फकरे मोईन विवेक पाराशर, गजेंद्र सिंह रलावता,अमित गर्ग, पार्षद चंद्रशेखर बालोटीया,नवीन कच्छावा ,मुकेश पंवार, ईश्वर टहल्यानी, सुनील केन, सतीश बैरवा, रेहान खान, आमद चिश्ती, लक्ष्मी धोलखेड़िया चंदन सिंह निर्मल बेरवाल ऋषि बंसीवाल बबीता चौहान कमल बैरवा शशि गारवाल मनीष सेठी भावना चौहान मीनाक्षी मीणा विनोद आसनानी चंद्रकांत पालीवाल इकरामुद्दीन कैलाश कोमल मनीष सेठी डीसीसी, प्रवक्ता शैलेश गुप्ता, नितिन जैन,दिलीप गढ़वाल सुरजीत कपूर सुनील धानका मुकेश जेदिया पूर्व पार्षद आरिफ खान मोक्ष नोनिया ,हरिप्रसाद जाटव नितिन जैन परवेज खान श्रवण कुमार भूपेंद्र सिंह चौहान मुकेश सबलानिया चंद्रेश सुनिया ऋषभ मेघवंशी पंकज जोधावत समस्त कांग्रेस जन उपस्थित रहे।
भवदीय,
शैलेश गुप्ता
प्रवक्ता
शहर जिला कांग्रेस कमेटी, अजमेर