ब्यावर, 23 नवम्बर। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रा ब्यावर (103) के अन्तर्गत ग्राम पंचायत जालिया प्रथम में स्वीप टीम द्वारा प्रभात फेरी व हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया गया।
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी एसडीएम सुरेश चौधरी के अनुसार प्रभात फेरी को सभी ग्रामवासी, स्वीप टीम के सभी अधिकारी, प्रभारी, बीएलओ, सुपरवाईजर, आगंनबाड़ी कार्यकर्ता, सहयोगिनी, आशा सहयोगिनी आदि ने सहयोग से दिव्यांग मतदाता नितेश सेन के नारे ’’ जन-जन का यही कहना है,वोट जरूर देना है’’ के उद्घोष के साथ प्रारंभ किया। मतदाता जागरूकता प्रभात फेरी ग्राम की मुख्य सड़को, गलियों, ढाणियों से होती हुई पुनः गांव की चौपाल पर आम सभा के रूप में परिवर्तित हुई।
मतदाता जागरूकता आम सभा को स्वीप टीम के प्रभारी खीमराज कटारिया ने सम्बोधित करते हुए कहा कि मतदान अवश्य करें, इस बार मतदान का प्रतिशत पिछले चुनावों की अपेक्षा अधिक हो, इस हेतु चुनाव आयोग ने स्वीप कार्यक्रम के अन्तर्गत रैली, हस्ताक्षर अभियान, रंगोली, नुक्कड़ सभाएं, नुक्कड़ नाटक, चित्राकला, प्रभात फेरी, जन सम्पर्क अभियान, सखी मेला आदि कार्यक्रमों के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक करने हेतु अजमेर जिले के समस्त ब्लॉक, गांव, शहर, ढाणियों में प्रतिदिन आयोजन किया है।
स्वीप टीम प्रभारी देवकरण भाटी ने विधान सभा आम चुनाव में चुनाव बूथ पर ईवीएम के साथ एक नई मशीन वीवीपेट जो लगाई जा रही है, उसकी प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी तथा मतदान के दिन अपना वोटर आईडी कार्ड या पहचान हेतु चुनाव आयोग द्वारा प्रस्तावित अभिलेखों में से कोई भी एक अभिलेख अपनी पहचान के लिए लाना अनिवार्य है। इसकी जानकारी दी एवं स्वविवेक, निर्भिक, बिना लोभ-लालच के निष्पक्ष रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करने हेतु प्रेरित किया।
स्वीप कार्यक्रम का संचालन कल्याण मल ने करते हुए बताया कि चुनाव आयोग ने इस बाद दिव्यांग व विशिष्ट मतदाताओं हेतु विशेष सुविधाएं प्रदान की है, जिसमें दिव्यांग मतदाताओं हेतु बूथ पर लाने व ले जाने की निशुल्क वाहन व्यवस्था , अपाहिज मतदाताओं हेतु ट्राई साईकिल व व्हील चेयर की व्यवस्था की है। नेत्राहीन मतदाताओं के साथ मतदान करने हेतु 18 वर्ष की उम्र पर एक व्यक्ति को सहयोग हेतु मतदान करवाने की सुविधा दी।
स्वीप कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित मतदाताओं को मतदाता प्रतिज्ञा बैनर पर हस्ताक्षर करवाकर मतदान अवश्य करने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर स्थानीय विद्यालय के छात्रा-छात्राआें ने लोक गीत की तर्ज पर मतदाता जागरूकता के गीत सुनाए, जो बहुत ही प्रिय थे। अन्त में सभी मतदाताओं से अपेक्षा की गई कि 7 दिसम्बर को मतदान दिवस के दिन मतदान अवश्य कर शत-प्रतिशत का लक्ष्य अर्जित करें।
इस मौके पर बीएलओ साहिब सिंह ने गुरू नानक जंयती के पर्व पर उपस्थित जन समूह व लंगर प्रसार लेने वाले श्रद्धालुओं को मतदान दिवस 7 दिसम्बर को मतदान अवश्य करने का आह्वान किया। उक्त जानकारी स्वीप प्रभारी श्री शलभ टण्डन ने दी।-