बीकानेर, 25 जनवरी। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय के कुलसचिव ताज मोहम्मद राठौड़ के नेतृत्व में विश्वविद्यालय के अधिकारियों-कर्मचारियों ने शत-प्रतिशत मतदान की शपथ ली।
इस अवसर पर कुलसचिव ने लोकतंत्र में मतदान के महत्त्व के बारे में बताया तथा कहा कि कोई भी मतदाता, मतदान के अधिकार से वंचित नहीं रहे, इसके लिए संयुक्त प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय से आमजन में मतदान के प्रति जागरुकता आई है और मतदान प्रतिशत में लगातार बढ़ौतरी हो रही है, लेकिन फिर भी इस दिशा में सतत प्रयासों की जरूरत है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता जागरुकता अभियान ‘स्वीप’ भी चलाया जा रहा है।
निदेशक (छात्र कल्याण) डाॅ. वीर सिंह ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि वर्ष 1950 में इसी दिन निर्वाचन आयोग की स्थापना हुई थी। इसी कारण वर्ष 2011 से प्रत्येक साल 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जाता है। इस दौरान विश्वविद्यालय के प्रसार शिक्षा निदेशक डाॅ. एस. के. शर्मा, डाॅ. एन. के. शर्मा, डाॅ. दीपाली धवन, डाॅ. आई. पी. सिंह सहित डीन-डायरेक्टर, कार्मिक तथा विद्यार्थी मौजूद रहे।
——
कृषि महाविद्यालय द्वारा लूनकरणसर में किसान गोष्ठी आयोजित
बीकानेर, 25 जनवरी। कृषि महाविद्यालय की ओर से राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत लूणकरनसर में किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया।
गोष्ठी में किसानों को दलहनी फसलों की जानकारी दी गई तथा दलहनी फसलों के उन्नत बीज उत्पादन व भंडारण के विषय में किसानों को जागरुक किया गया। परियोजन प्रभारी डाॅ. अनिल कुमार शर्मा ने कहा कि बीज किसान की आत्मा है, शुद्ध बीज से ही अच्छी पैदावार की संभ्ज्ञावनाएं प्रबल होती हैं। उन्होंन बीज उत्पादन में पृथ्थ्करण दूरी तथा रेगिंग के महत्व को भी बताया। उन्नत तकनीक से शुद्ध बीज उत्पादन के बारे में जानकारी दी तथा बताया कि अच्छे बीज से ही किसान उत्पादन व उत्पादकता की क्षमता को बढ़ा सकता है।
पादप रोग विशेषज्ञ डाॅ. दाताराम कुम्हार ने फसलों में लगने वाले प्रमुख रोगों के बारे में बताया तथा बीज बुवाई से पूर्व बीजापचार के महत्त्व एवं इसकी विधि के बारे में बताया। उन्होंने खड़ी फसल में विभिन्न बीमारियों की रोकथाम एवं नियंत्रण के बारे में बताया। परियोजना सहप्रभारी डाॅ. विजयशंकर आचार्य ने फसलों में लगने वाले प्रमुख कीटों एवं उनके नियंत्रण हेतु विभिन्न प्रकार के रासायनिक तथा जैविक कीटनाशियों के बारे में बताया। साथ ही बीज के प्रभावी एवं वैज्ञानिक ढंग से भंडारण की जानकारी भी दी। सहायक कृषि अधिकारी मामराम ने कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। वरिष्ठ अनुसंधान अध्येता शिवभगवान विश्नोई ने परियोजनाओं के बारे में बताया।