अजमेर 05 मार्च। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के प्रशासक नथमल डिडेल ने कहा है कि राजस्थान बोर्ड प्रश्न पत्रों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देगा। परीक्षाओं में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। इस वर्ष ब्लॉक स्तर से लेकर निदेशालय स्तर तक परीक्षा की मॉनिटरिंग की व्यापक व्यवस्था की गई है। शिक्षकांे की भी जिम्मेदारी है कि बोर्ड परीक्षा की गरिमा को मेन्टेन रखे। उन्होंने अधिकारियों से भी कहा कि परीक्षा का सफल आयोजन ही सबसे बड़ी चुनौती है। त्योहारों के अवकाश के दौरान प्रश्न पत्रों की सुरक्षा को लेकर पूरा प्रशासनिक तंत्र चौकस रहे।
श्री डिडेल मंगलवार को बोर्ड के राजीव गांधी सभागार में बोर्ड परीक्षा-2019 के लिये गठित विशेष उड़नदस्तों के संयोजकों की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि किसी भी परीक्षा की विष्वसनीयता तभी श्रेष्ठ मानी जा सकती है तब वह परीक्षा अनुचित साधनों से विहिन और पारदर्षी हो। परीक्षा आयोजित करने वाले संस्थानों के सामने तकनीक के इस युग में परीक्षाओं के दौरान अनुचित साधनों पर अंकुश लगाना एक बड़ी चुनौति है। दिन प्रतिदिन उन्नत होती जा रही तकनीक के बल पर अनुचित साधनों के माध्यम से परीक्षार्थी सफलता के सपने संजोने लगते है, जो समाज के लिए घातक है। परीक्षाओं की विश्वसनीयता बनाए रखने में सजग वीक्षक और नकल व अनुचित साधनों की रोकथाम के लिये गठित उड़नदस्तों की महती भूमिका होती है। इन परीक्षाओं के निर्विध्न संचालन के संबंध में शिक्षकों का दायित्व और बढ़ जाता है।
बोर्ड सचिव श्रीमती मेघना चौधरी ने कहा कि उड़नदस्तें जिले के अंदरूनी और दूर-दराज के हिस्सों में स्थित परीक्षा केन्द्रों का विशेष रूप से निरीक्षण करें। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील परीक्षा केन्द्रों का सघन और सतत् निरीक्षण किया जायें। उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षा के दौरान इस वर्ष कुल 190 उड़नदस्ते फील्ड में रहेंगे। बोर्ड स्तर पर 60 विशेष उड़नदस्ते भी गठित किये जा रहे हैं। प्रत्येक जिले में न्यूनतम एक विशेष उड़नदस्ता गठित किया गया है और संवेदनशील और बड़े जिलों में दो से अधिक विशेष उड़नदस्तें गठित किये गये हैं। यह उड़नदस्ते शिक्षा उपनिदेशक और जिला शिक्षा अधिकारियों द्वारा गठित उड़नदस्तों के अतिरिक्त होंगे। उन्होंने उड़नदस्तों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन चार-पांच परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण करें।
श्रीमती चौधरी ने कहा कि उड़नदस्तों का दायित्व है कि वे अपने क्षेत्रों के प्रश्न-पत्रों की सुरक्षा को सुनिश्चित करें। किसी भी परीक्षा केन्द्र पर पहुंचने से पूर्व परीक्षा केन्द्र के बाहर का सूक्ष्म निरीक्षण कर यह भी देखें की बाहरी तत्वों का परीक्षा केन्द्र के अन्दर दखल न हो। परीक्षा उड़नदस्ते के सदस्य परीक्षा केन्द्र के निरीक्षण के दौरान बैठक व्यवस्था के निर्धारित मापदण्डों की पालना, फर्नीचर और लाईट व्यवस्था पर भी अपना ध्यान केन्द्रित करें ताकि स्कूली विद्यार्थिंयों को परीक्षा देने में परेशानी न हो। विशेष उड़नदस्ते फील्ड में बोर्ड की आँख, नाक और कान है इसलिये वे अपनी समेकित रिपोर्ट से आगामी परीक्षा व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार के लिये बोर्ड को सारगर्भित सुझाव भी दे।
बोर्ड के निदेशक (गोपनीय) जी.के. माथुर ने कहा कि उड़नदस्तों द्वारा प्रतिदिन परीक्षा प्रारम्भ होने से 45 मिनट पूर्व एक परीक्षा केन्द्र पर प्रश्न-पत्र खोलने, वितरण व अन्य व्यवस्थाओं आदि का निरीक्षण किया जाये। समय-समय पर पुलिस थाना/पुलिस चौकी जहां पर प्रष्न-पत्र रखे है वहां से पेपर कॉडिनेटर द्वारा प्रष्न-पत्र वितरण की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया जावे। एकल अथवा नॉडल ऐसे परीक्षा केन्द्र जहां पर प्रष्न-पत्र परीक्षा केन्द्र पर ही रखे है, वहां की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण रात्रि समय में भी किया जाये। परीक्षा के दौरान किसी भी परीक्षा केन्द्र पर इन्टरनेट, फोटोस्टेट और हॉस्टल चलाने पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा।
बैठक को विषेषाधिकारी परीक्षा-श्रीमती नीतू यादव और वित्तीय सलाहकार-श्रीमती आनन्द आशुतोष ने भी सम्बोधित किया। बैठक का संचालन उपनिदेशक (जनसम्पर्क)- राजेन्द्र गुप्ता ने किया।
उप निदेषक (जनसम्पर्क)