कोटा संभाग में 15 मार्च एवं अन्य संभाग में 1 अप्रैल से होगी गेहूं की खरीद
जयपुर/अजमेर, 5 मार्च। प्रदेश में गेहूं की फसल को न्यूनतम समर्थन मूल्य रूपए1840 प्रति क्विंटल पर बेचने के लिए कृषक भारतीय खाद्य निगम के पोर्टल पर पंजीकरण करवा सकते हैं। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री रमेश चन्द मीणा ने बताया कि कोटा संभाग में आगामी 15 मार्च से एवं अन्य संभागों में 1 अप्रैल से गेहूं की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर की जाएगी। भारतीय खाद्य निगम के पोर्टल पर पंजीकरण 5 मार्च से प्रारम्भ हो चुका है।
पोर्टल पर पंजीकरण हेतु यह दस्तावेज साथ लाएं
खाद्य मंत्री ने बताया कि कृषक भारतीय खाद्य निगम के पोर्टल पर पंजीकरण हेतु फोटो पहचान पत्र आधार कार्ड राशन कार्ड जॉब कार्ड लाइसेंस किसान क्रेडिट कार्ड एवं पासपोर्ट साथ लेकर निकटतम ई मित्र केंद्र पर जाएं जहां वे अपना पंजीकरण करवा सकते हैं । उन्होंने बताया कि पंजीकरण हेतु कृषक फसल संबंधी दस्तावेज जमाबंदी किसान पासबुक गिरदावरी एवं बैंक पासबुक की फोटो प्रति भी साथ लेकर जाएं। उन्होंने बताया कि कृषक भारतीय खाद्य निगम के अधिकृत पोर्टल एफसीआईडीईपीओटीऑनलाइन डॉट जीओवी डॉट इन /फार्मर/लॉगिन पर स्वयं भी पंजीकरण करा सकते हैं।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना
बीमित कृषक को आपदा के 72 घण्टे के अन्दर सूचना देनी होगी
अजमेर, 05 मार्च। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत असामयिक वर्षा/ओलावृृष्टि के कारण से फसल प्रभावित होती है तो बीमित कृषक को आपदा के 72 घण्टे के अन्दर सीधे जिले हेतु चयनित बीमा कंपनी (टाटा ए.आई.जी. जनरल इंश्योरेन्स कम्पनी लिमिटेड) के टोल फ्री नम्बर 18002093536 पर तथा लिखित में अधिकतम सात दिवस में अपने बैंक के माध्यम से अथवा कृषि विभाग के अधिकारियों के माध्यम से सूचित करना आवश्यक है। ताकि कृषक को योजना का लाभ प्राप्त हो सके।
कृषि विभाग के उप निदेशक श्री वी.के.शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत फसल कटाई के उपरान्त आगामी 14 दिनों तक खेत में सुखाने हेतु रखी गयी, कटी हुई अधिसूचित फसल को चक्रवात व चक्रवाती वर्षा/बेमौसमी वर्षा/ओलावृृष्टि से क्षति कि स्थिति में फसल की क्षति का आंकलन व्यक्तिगत बीमित कृषक के स्तर पर किये जानें का प्रावधान है। वर्तमान रबी तिलहनी तथा दलहनी फसलों की कटाई का कार्य प्रगति पर है। योजना के उक्त प्रावधान के तहत असामयिक वर्षा/ओलावृृष्टि के कारण से फसल प्रभावित होती है तो बीमित कृषक को आपदा के 72 घण्टे के अन्दर सीधे जिले हेतु चयनित बीमा कंपनी (टाटा ए.आई.जी. जनरल इंश्योरेन्स कम्पनी लिमिटेड) के टोल फ्री नम्बर 18002093536 पर तथा लिखित में अधिकतम सात दिवस में अपने बैंक के माध्यम से अथवा कृषि विभाग के अधिकारियों के माध्यम से सूचित करना आवश्यक है। ताकि कृषक को योजना का लाभ प्राप्त हो सके। उन्होंने बताया कि असमय बरसात के कारण फंगल व्याधिया होने की संभावना है। फसलों को बचाने हेतु नजदीकी कृषि पर्यवेक्षक/सहायक कृषि अधिकारी से सम्पर्क कर सलाह के अनुसार रोकथाम का कार्य करें।
कम्प्यूटर टंकण गति परीक्षा 2018 का परिणाम घोषित
अजमेर, 05 मार्च। राजस्थान मृत सरकारी कर्मचारियों के आश्रितों को अनुकम्पात्मक नियुक्ति नियम 1996 के तहत विभिन्न कार्यालयों में नियुक्त कार्मिकों के कम्प्यूटर टंकण गति परीक्षा 2018 का परिणाम घोषित कर दिया गया है।
अतिरिक्त जिला कलक्टर द्वितीय श्री कैलाश चंद लखारा ने बताया कि परीक्षा में निर्धारित तिथि तक 65 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। जिनमे से 64 अभ्यर्थी परीक्षा में उपस्थित हुए। उपस्थित अभ्यर्थियों मे से 26 अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए है। जिसका परीक्षा परिणाम 40.62 प्रतिशत रहा है। उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर गठित कमेटी द्वारा गत 3 जनवरी 2019 को यह टंकण परीक्षा आयोजित की गई थी।
डीएलआरसी समीक्षा समिति की बैठक 13 को
अजमेर, 05 मार्च। जिला स्तरीय डीएलआरसी समीक्षा समिति की बैठक आगामी 13 मार्च को प्रातः 11 बजे जिला कलजक्टर श्री विश्व मोहन शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की जाएगी। अग्रणी जिला प्रबंधक श्री एम.एस.रावत ने यह जानकारी दी।
केन्द्रीय अल्पसंख्यक मामलात मंत्री बुधवार को प्रधानमंत्री की चादर पेश करेंगे\
अजमेर, 05 मार्च। केन्द्रीय अल्पसंख्यक मामलात मंत्री श्री मुख्तार अब्बास नकवी बुधार को प्रातः 9.35 बजे किशनगढ़ हवाई अड्डे आएंगे जहां से वे दरगाह पहुंचेंगे तथा प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की ओर से दरगाह शरीफ पर चादर चढ़ाएंगे और प्रधानमंत्री का संदेश पढ़कर सुनाएंगे।
निर्धारित कार्यक्रमानुसार श्री नकवी 11 बजे दरगाह अपार्टमेंट सिविल लाइन में ख्वाजा गरीब नवाज डिस्पेंशरी का उद्घाटन करेंगे। तत्पश्चात ख्वाजा मॉडल स्कूल सिविल लाइन में जिला प्रशासन के साथ उर्स की तैयारियों के संबंध में समीक्षा बैठक लेंगे। वे दोपहर 12.30 बजे कायड़ विश्राम स्थली में ख्वाजा गरीब नवाज यूनिवर्सिटी का शिलान्यास करेंगे।