मुख्यमंत्री ने खाजूवाला सीमा चैकी पर की जवानों की हौसला अफजाई

जयपुर, 7 मार्च। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने कहा कि सीमा पर प्रहरी बन कर मजबूती से खड़े सैनिकों के साहस, देश के प्रति समर्पण और बलिदान पर प्रदेशवासियों को गर्व है। सैनिक कठिनतम परिस्थितियों में देश की सीमाओं को महफूज रखते हैं। वे सैनिकों के इस जज्बे को सलाम करते हैं। उन्होंने कहा कि आतंकी हमलों के खतरे हो या शांति के समय चैकसी का काम, जवानों के त्याग से ही हम सुरक्षित हैं और दुश्मनों को हर मोर्चे पर मात देने में सफल हुए हैं।
मुख्यमंत्री गुरूवार को बीकानेर जिले के खाजूवाला चैक पोस्ट पर सीमा सुरक्षा बल के जवानों के साथ सेना प्रहरी सम्मेलन को सम्बोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सैनिकों के बलिदान से उनके परिजनों पर क्या गुजरती है, इसका राज्य सरकार को पूरा एहसास है। एक जवान के शहीद होने की पीड़ा क्या है, इसे प्रदेश की सरकार और जनता भलीभांति समझती है। इसी कारण सरकार ने शहीदों के परिजनों को मिलने वाले पैकेज में बढ़ोतरी की है।
श्री गहलोत ने कहा कि राजस्थान के शेखावाटी, मेवाड़, मारवाड़़, भरतपुर एवं अलवर सहित सभी क्षेत्र ऎसे वीरों की गाथाओं से भरे हैं। ऎसे हजारों परिवार हैं जो अपने सपूत खोने के बावजूद राष्ट्र सेवा के लिए तत्पर हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सेनाएं दुश्मन को जवाब देने में सक्षम हैं। सेना के त्याग, बलिदान और शौर्य का कोई मुकाबला नहीं है। जवानों की हौसला अफजाई करना हमारा कर्तव्य है। हम शहीदों के परिवारों के साथ खड़े हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा मार्ग शांति एवं सद्भाव का है, लेकिन पुलवामा हमले जैसे नापाक इरादों को कुचलने के लिए हमारे जवान हर क्षण तत्पर और सतर्क हैं। उन्होंने कहा कि पुलवामा हमले के बाद देश ने एकजुटता का परिचय देकर पूरी दुनिया को संदेश दिया है। यही एकजुटता भारत की खूबी है। उन्होंने कहा कि हिन्दुस्तानी फौज के साहस का उदाहरण बांग्लादेश के रूप में सामने है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर खाजूवाला स्थित सीमा सुरक्षा बल कैम्पस में आरओ व अन्य सुविधाओं के लिए 11 लाख रुपए देने की घोषणा की।
बीकानेर में बनेगा शहीद स्मारक
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीदों के सम्मान में बीकानेर में 20 लाख रुपए की लागत से शहीद स्मारक बनाया जाएगा। इसके लिए जमीन आवंटित कर दी गई। शीघ्र ही इसका निर्माण प्रारम्भ किया जाएगा। पर््रहरी सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने शहीदों की विधवाओं और शौर्य चक्र विजेताओं को आवंटित भूमि के खातेदारी अधिकार भी प्रदान किए। जिला कलक्टर कुमार पाल गौतम ने बताया कि शहीदों के परिजनों के प्रति अतिरिक्त संवदेनशीलता रखते हुए प्राथमिकता से इनके बरसों पुराने प्रकरणों का निस्तारण कर खातेदारी अधिकार दिए गए हैं।
बीएसएफ के डीआईजी श्री यशवंत सिंह ने कहा कि राज्य सरकार ने पहले भी जवानों को अपेक्षित सहयोग दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार की हौसला अफजाई उन्हें और सतर्कता से काम करने के लिए प्रेरित करेगी। सीमा सुरक्षा बल के जवान देश की सीमाओं पर कोई आंच नहीं आने देंगे।

मुख्यमंत्री ने अपने हाथों से जवानों को नाश्ता परोसा
मुख्यमंत्री ने जवानों से मुलाकात की और उनके साथ नाश्ता किया। उन्होंने अपने हाथों से जवानों को नाश्ता परोसा।
इस अवसर पर राजस्व मंत्री श्री हरीश चैधरी, उच्च शिक्षा राज्यमंत्री श्री भंवरसिंह भाटी, खाजूवाला विधायक श्री गोविन्द मेघवाल, संभागीय आयुक्त श्री हनुमान सहाय मीना, आईजी श्री बीएल मीना, पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप मोहन शर्मा सहित अन्य गणमान्यजन एवं अधिकारीगण उपस्थित थे।


किसानों और नौजवानों को सम्बल प्रदान करना सरकार की प्राथमिकता -मुख्यमंत्री

बीकानेर, 7 मार्च। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने कहा कि गुड गवर्नेंस के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। किसान और नौजवानों को सम्बल प्रदान करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। गत दो माह में किसानों एवं युवाओं के हित में महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं। कर्जा माफी, पेंशन बढ़ोतरी एवं बेरोजगारी भत्ते में बढ़ोतरी की गई है। सूखा प्रभावित क्षेत्रों में राहत के लिए कार्य प्रारम्भ कर दिए गए हैं। दुग्ध उत्पादकों को दो रुपए प्रति लीटर अनुदान देना प्रारम्भ किया है।

श्री गहलोत गुरुवार को बीकानेर जिले के खाजूवाला में ग्रामीणों को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश वासियों के कल्याण के लिए केन्द्र सरकार से संसाधन जुटाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। गरीब, किसान एवं वंचित वर्ग को सरकार की योजनाओं का पूरा लाभ मिले, यह सुनिश्चित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति को मिले, इसके लिए ग्राम रक्षक नियुक्त किए जाएंगे। ये ग्राम रक्षक ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी उपलब्ध करवाएंगे। ऎसे 40 हजार ग्राम रक्षक नियुक्त किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने खाजूवाला में पेयजल की समस्या के निस्तारण के लिए प्रस्ताव भिजवाने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि जिला कलक्टर प्राथमिकता से इस समस्या का समाधान करवाएं।

मुख्यमंत्री ने पुलवामा हमले में सैनिकों की शहादत को याद करते हुए कहा कि आज आतंकवाद नासूर बन चुका है। पुलवामा हमले के बाद देश में आक्रोश है। देश-प्रदेश की जनता और सरकार जवानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। उन्होंने कहा कि जब भी हिन्दुस्तान पर संकट आया है पूरे देश ने एकजुट होकर मुकाबला किया है। सैनिकों के इसी जज्बे को सलाम करने के लिए वे जवानों के बीच आए हैं।

राजस्व मंत्री श्री हरीश चैधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने संवेदनशीलता दिखाते हुए शहीदों के परिजनों को मिलने वाला आर्थिक पैकेज बढ़ाया है। राज्य सरकार शहीदों के परिजनों के सुख-दुःख में साथ है। खाजूवाला विधायक श्री गोविन्द मेघवाल ने कहा कि राज्य सरकार ने हर तबके के उत्थान के लिए त्वरित फैसले लेकर क्रियान्वित किए हैं। खाजूवाला प्रधान सरिता चैहान ने धन्यवाद ज्ञापित किया। पूर्व विधायक श्री वीरेन्द्र बेनीवाल ने कहा कि सरकार आमजन के हितों की रक्षा के लिए संवेदनशीलता से कार्य कर रही है।

इस अवसर पर बीकानेर संभागीय आयुक्त श्री हनुमान सहाय मीना, आईजी श्री बीएल मीना, बीकानेर जिला कलक्टर श्री कुमार पाल गौतम, पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप मोहन शर्मा सहित अन्य गणमान्यजन, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।

error: Content is protected !!