शिक्षक ने मासूम से धुलवाई अपनी बाइक

केकड़ी 8 मार्च।शिक्षा का मंदिर कहे जाने वाले स्कूल में पढ़ने वाले नन्हें मुन्ने बच्चों से बाल-श्रमिकों की तरह स्कूल में झाड़ू लगवाना, पानी भरवाना जैसे काम करवाना तो आम बात है, मगर अब बच्चों से शिक्षक खुद के निजी कार्य भी करवाने लगे हैं। ऐसा ही एक मामला सामने आया है। मामला क्षेत्र के गांव तसवारिया के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय का है। इस स्कूल के एक शिक्षक द्वारा छोटे छोटे बच्चों से निजी कार्य कराने की बात सामने आई है। ग्रामीणों ने शिक्षक द्वारा चिलचिलाती धूप में बच्चे से खुद की मोटरसाइकिल धुलवाने का आरोप लगाते हुए बीईईओ राधेश्याम कुमावत को शिकायत की है, साथ ही बच्चे से काम कराते हुए की फोटो भी उनके वॉट्सऐप पर भेजी है। ग्रामीणों ने बताया कि स्कूल का शिक्षक हनुमान शर्मा आये दिन बच्चों से खुद के निजी कार्य कराता है, बच्चों द्वारा मना करने पर शिक्षक द्वारा बच्चों की पिटाई की जाती है। मामले की गम्भीरता को मद्देनजर बीईईओ कुमावत ने तुरंत प्रधानाध्यापक व शिक्षक को फोन लगाकर जोरदार लताड़ लगाई व स्पष्टीकरण देने को कहा है। बीईईओ कुमावत ने बताया कि क्षेत्र के दौरे पर गए ब्लॉक शिक्षा अधिकारी प्रेमचंद को भी मामले की जानकारी दे दी गई है। शीघ्र ही मामले की जांच कर उचित कार्यवाही की जाएगी। गौरतलब है कि पूर्व में भी इस शिक्षक पर पोषाहार में गड़बड़ी करने के गम्भीर आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने शिकायत की थी। जिस पर विभाग द्वारा जांच बिठाई गई और दोषी पाए जाने पर शिक्षक हनुमान शर्मा को एपीओ कर दिया गया। अब फिर शिक्षक अपनी आदतन गलतियों की वजह से सुर्खियों में आया है। इस मामले को लेकर ग्रामीणों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग के अधिकारियों ने शिक्षक के खिलाफ कार्यवाही नहीं कि तो वे स्कूल पर ताले लगा देंगे। ग्रामीणों का कहना है कि हम अपने बच्चों को स्कूल पढ़ने भेजते है न कि अध्यापकों के निजी काम कराने के लिए। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे काम तो हम भी नहीं कराते अपने बच्चों से। खैर जी भी हो बच्चों का शोषण तो कोई भी अभिभावक सहन नहीं कर सकता। शिक्षा के मंदिर में ऐसे तथाकथित भगवानों को भगवान भी माफ नहीं करेगा जो बच्चों से बाल-श्रमिकों की तरह काम करवाकर उनका शोषण कर रहे हैं। अगर बच्चे के अभिभावक चाहें तो शिक्षक पर बाल-श्रमिक कानून के तहत भी कार्यवाही कर सकते हैं

error: Content is protected !!