सैंकड़ों अकीदतमंदों ने शानो-शौकत से पेश की चादर
देर रात तक चली कव्वालियों की महफिल
अजमेर, 8 अप्रैल( )। सोमलपुर स्थित हज़रत बाबा बादामशाह ‘उवैसी’ र.ह के आस्ताने पर 55 वां सालाना उर्स शानो-शौकत तथा श्रद्धा के साथ मनाया गया। सोमवार, 8 अप्रैल 2019 को अल सुबह रंग सलाम के साथ कुल की रस्म अदा की गई और प्रसाद वितरण हुआ। उर्स में दूर-दराज सहित नगर व आसपास के कस्बों से आए सैंकड़ों अकीदतमंदों ने हाजरी दी। उवैसिया रूहानी सत्संग आश्रम के अध्यक्ष गुरुदत्त मिश्रा ने बताया कि रविवार 7 अप्रैल को प्रातः काल से मध्यान्ह तक सेवा, सुमिरन, ध्यान, सत्संग व अध्यात्मिक चर्चा आदि का आयोजन किया गया।
देश भर से आए सैंकड़ों अकीदतमदों ने उवैसिया सिलसिले के वर्तमान गुरु मुनेन्द्रदत्त मिश्रा उवैसी की अगुवाई में सायं 5 बजे गाजे-बाजे के साथ अकीदत की चादर पेश की। चादर के जुलूस में महिलाएं एवं पुरुष बड़ी संख्या में उपस्थित थे। जुलूस के आगे शाही कव्वाल बाबा साहब की शान में कलाम पेश करते हुए चल रहे थे।
शाम 7 बजे भोजन प्रसादी का आयोजन किया गया तथा रात 10 बजे महफिल सजी जिसमें जयपुर, कोटा एवं अजमेर के कव्वालों ने बाबा साहब की शान में कई प्रस्तुतियां दी। जयपुर के अनवार, कोटा के हबीबुर्रहमान, अजमेर से कुर्बान एवं साथी तथा अगन एवं साथी अल सुबह तक बाबा बादामशाह की शान में कलाम पेश करते रहे। महफिल की सदारत गुरु मुनेन्द्रदत्त मिश्रा उवैसी ने की। महफिल सम्पन्न पर रंग पेश किया गया। कुल की रस्म अदा कर प्रसाद वितरण किया गया। बाबा बादामशाह के उर्स पर 6 अप्रैल 2019 की शाम को मीलाद शरीफ व कुरानखानी की रस्म अदा की गई। रविवार , 7 अप्रैल को सुबह 6 बजे हुज़ूर की मज़ारे-मुबारक पर गुसल के साथ उर्स शुरू हुआ।
गुरुदत्तमिश्रा
अध्यक्ष
उवैसिया रूहानी सत्संग आश्रम, अजमेर