जिला सांस्कृतिक महोत्सव सम्पन्न

अजमेर। नगर सुधार न्यास के अध्यक्ष नरेन शाहनी भगत ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और ग्रामीण प्रतिभाओं को निखारने तथा सामाजिक कुरीतियों के प्रति जनजागरण उत्पन्न करने में नेहरू युवा केन्द्र की गतिविधियां शुरू से ही तारीफ-ए-काबिल रही हैं।
भगत सोमवार रात्रि ब्ल्यू केसर स्कूल परबतपुरा परिसर में आयोजित नेहरू युवा केन्द्र के जिला सांस्कृतिक महोत्सव को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश के प्रथम प्रधानमंत्री स्व. जवाहर लाल नेहरू के आदर्शों और सिद्घांतो को व्यावहारिक रूप में परिणित करने में केन्द्र ने गतिविधियों के माध्यम से उनके सपनों को साकार किया है। उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रकार समर्पित भाव से ग्रामीण क्षेत्र के विकास के लिए कार्य करने का आव्हान किया।
महोत्सव की अध्यक्षता करते हुए पूर्व उपजिला प्रमुख मदन सिंह रावत ने केन्द्र द्वारा आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों के विस्तार की बात कही। सेंदरिया के घनश्याम जांगिड़, चंद्रसिंह रावत व ज्ञानजी ने विशिष्ठ अतिथि के रूप में भाग लिया और नेहरू युवा केन्द्र के ग्रामीण मंडलो से अपेक्षा की कि गांववासियों के उत्थान के लिए जिम्मेदारी से कार्य करें।
जिला युवा समन्वयक चौधरी धर्मपाल सिंह ने दो दिवसीय युवा सम्मेलन में आयोजित कार्यक्रमों का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि इसमें जिले के नया गांव के कलाकारों ने अलगोजा वादन और परबतपुरा ब्ल्यू केसर स्कूल की बालिकाओं तथा मसूदा ग्रामीण युवा मंडल के कलाकारों ने कार्यक्रम प्रस्तुत कर संमा बांध दिया।
इस अवसर पर युवा कृति प्रदर्शनी के समापन पर ग्राम टिकावड़ा दांता नगर श्रीनगर परबतपुरा सवाना मुंडोलाव के ग्रामीण युवा मंडलों को प्रशस्ति पत्र देकर ब्ल्यू केसर स्कूल के प्रशासक नरेन्द्र सिंह रावत ने पुरस्कृत किया। इसमें बीस ग्रामीण युवा मंडलों द्वारा बनाये गये हस्तकला उत्पाद प्रदर्शित किये गये। अंत में लेखाकार शंकर सिंह ने आभार व्यक्त किया।
ब्लॉक सांस्कृतिक कार्यक्रम कल देराठू में जिला युवा समन्वयक चौधरी धर्मपाल सिंह ने बताया कि कल 28 नवंबर को रात्रि 7 बजे पीसांगन पंचायत समिति के ग्राम देराठू में ग्रामीण युवा मंडल के कलाकार कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे।

error: Content is protected !!