डॉ. रघु शर्मा ने लिया ग्रामोत्थान शिविरों में भाग

अजमेर, 03 सितम्बर। चिकित्सा एवं जनसम्पर्क मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने मंगलवार को प्रान्हेड़ा तथा रामपाली ग्राम पंचायतों में आयोजित महात्मा गांधी ग्रामोत्थान शिविरों में कई घण्टों तक स्वयं बैठकर ग्रामीणों के दुख दर्द सुने। समस्याओं के निराकरण के लिए मौके पर ही विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किए। ग्रामीणों को पट्टा, सामाजिक सुरक्षा पेंशन एवं अन्य योजनाओं के तहत लाभान्वित किया गया।
चिकित्सा मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने प्रान्हेड़ा में आयोजित शिविरों में ग्रामीणों की मांग पर जलदाय विभाग के अधिकारियों को नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश प्रदान किए। प्रान्हेड़ा में वर्तमान में 96 घण्टे से जलापूर्ति की जा रही है। इस आपूर्ति के अंतराल को घटाकर 48 घण्टे करने के लिए निर्देश दिए। इस संबंध में आवश्यक तैयारियां 7 दिवस में पूरी कर समस्त ग्राम पंचायत क्षेत्र को 48 घण्टे में पेयजल आपूर्ति की जाएगी।
इसी प्रकार सवाईपुरा में तालाब की पाल टूटने से पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। जिसे तुरन्त दुरूस्त करवाने के लिए जलदाय विभाग के अधिकारियों को कहा। साथ ही पाइपलाइन ठीक होने तक टैंकर के माध्यम से आगामी एक माह के लिए पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। ग्रामीणों की सुविधा के लिए सवाईपुरा में दो हैण्डपम्प खुदवाने की डॉ. शर्मा ने घोषणा की। यह हैण्डपम्प 3 दिवस में तत्परता से खोदे जाएंगे। ग्रामीणों की सहमति के आधार पर यह हैण्डपम्प सगत महाराज के स्थान तथा प्रानहेड़ा रोड पर खोदे जाएंगे।
चिकित्सा मंत्री डॉ. शर्मा ने कहा कि वर्तमान सरकार ग्रामीणों और गरीबों के दुख दर्द दूर करने के लिए हमेशा तत्पर है। इस सरकार द्वारा प्रानहेड़ा में 8 हैण्डपम्प के लिए 8 लाख 80 हजार, राजकीय चिकित्सालय में उपकरणों एवं पलंग आदि सुविधाओं के लिए 50 हजार, खटीक मौहल्ला, बैरवा मौहल्ला प्रानहेड़ा, बैरवा मौहल्ला छोटा शाहपुरा में सामुदायिक भवन के लिए लगभग 18 लाख तथा छोटा शाहपुरा में विश्राम गृह के लिए 8 लाख की राशि स्वीकृत की गई है। इसी प्रकार रामपाली ग्राम पंचायत में सूरजपुरा से िंहंगतड़ा तक सड़क के लिए एक करोड़ 12 लाख, 4 हैण्डपम्प के लिए 4 लाख 40 हजार तथा दौराई, अजगरी, सूरजपुरा, प्रतापपुरा, रामपाली एवं बीलिया में बस स्टैण्ड पर विश्राम गृह निर्माण के लिए 24 लाख की राशि स्वीकृत की गई है।
इन ग्रामोत्थान शिविरों में लगभग 30 ग्रामीणों को पट्टे तथा 20 ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आवास योजना के स्वीकृति पत्र जारी किए गए। प्रानहेड़ा में देवनारायण स्वयं सहायता समूह, गायत्री राजीविका, नर्मदा राजीविका एवं लक्ष्मी राजीविका की सदस्य महिलाओं को एक-एक लाख के ऋण वितरित किए गए। साथ ही पेंशन, आबादी भूमि विस्तार जैसे कार्य भी किए गए है।

इस अवसर पर श्री शैलेन्द्र सिंह शक्तावत, श्री प्रधान धाकड़,उपखण्ड अधिकारी श्री रवि वर्मा, सरपंच श्रीमती भंवरी देवी एवं नूतन सहित समस्त विभागीय अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

रामपाली में डॉ. शर्मा ने शोक संतप्त परिवार को दी सांत्वना
अजमेर, 03 सितम्बर। चिकत्सा एवं जन सम्पर्क मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने मंगलवार को ग्राम रामपाली ग्राम में श्रीमती चांद देवी के निधन पर उनके परिजनों को सांत्वना दी। डॉ. शर्मा ने उनके घर जाकर श्रीमती चांद देवी के पुत्र श्री कमल किशोर एवं श्री महेन्द्र बियानी को ढांढस बंधाया।

महात्मा गांधी ग्रामोत्थान शिविरों में दें जरूरतमन्दों को राहत- श्री सिंह
ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग की समीक्षा बैठक
अतिरिक्त मुख्य सचिव ने दिए निर्देश

अजमेर, 3 सितम्बर। ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री राजेश्वर सिंह ने कहा कि राज्य सरकार महात्मा गांधी ग्रामोत्थान शिविरों के जरिये गांव में प्रत्येक गरीब एवं जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचना चाहती है। इन शिविरों से जुड़े विभागों के अधिकारी संवेदनशील होकर आमजन को राहत प्रदान करें।

ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री राजेश्वर सिंह ने आज कलेक्टे्रट में आयोजित बैठक में विभागीय योजनाओं की समीक्षा की। जलशक्ति अभियान पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि गांवों में साइंटिफिक तरीके से चारागाह विकसित करें। चारागाहों में फलदार पौधे लगाएं ताकि आय का स्रोत भी विकसित हो सके। इसी तरह पंचायत समितियों में फलदार पौधों की नर्सरी विकसित की जाए। गांवों में जानवरों के चरने के लिए भी जगह होनी चाहिए। जलशक्ति अभियान के लक्ष्यों को समय पर पूरा किया जाए। राष्ट्रीय रैंकिंग को और सुधारा जाए। जल बचाने के लिए गम्भीरता से प्रयास करें। सभी पंचायत मुख्यालयों पर रूफटॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग तथा सौर ऊर्जा प्लांट लगाने का काम भी गम्भीरता से किया जाए।

महात्मा गांधी ग्राम उत्थान शिविर पर चर्चा करते हुए अतिरिक्त मुख्य सचिव ने कहा कि शिविरों में पट्टा वितरण कार्य में गति लाई जाए। जिले में अब तक साढ़े चार हजार ग्रामीणों को पट्टा दिया जा चुका है। इसे और बढ़ाया जाए। इसी तरह सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभान्वित तथा श्रमिक कार्ड पंजीकरण में भी सुधार की आवश्यकता है। प्रधानमंत्री आवास योजना एवं भूखंड आवंटन से भी पात्र व्यक्तियों को लाभ दिया जाए। सभी विकास अधिकारी मेगा कैम्प में भी शेष रहे आवेदकों को राहत प्रदान करें। शौचालय निर्माण कार्य में भी सुधार की आवश्यकता है।

श्री सिंह ने प्रशासन के अधिकारियों से कहा कि गांवों के विकास के लिए खेल मैदान , चारागाह, मॉडल तालाब, श्मशान विकास काम लिए जाएं। तालाब के किनारे वृक्षारोपण अवश्य किया जाए। महिला सशक्तिकरण के लिए महिला शक्ति समूहों का गठन किया जाए। अतिरिक्त मुख्य सचिव ने कहा कि श्रमिकों को 100 दिन काम का टास्क पूरा करने के लिए प्रेरित किया जाए। ऎसे परिवारों की संख्या बढ़ाई जाए। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण पर चर्चा के दौरान श्री सिंह ने सभी पात्र आवेदकों को लाभान्वित करने को कहा। उन्होंने सांसद, विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास योजना के कामों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी काम समय पर पूरे किए जाएं। इनका उपयोगिता प्रमाण पत्र शीघ्र जारी किए जाएं।

महानरेगा आयुक्त श्री पी सी किशन ने कहा कि महात्मा गांधी नरेगा के कार्यों में तेजी लाए। उन्होंने औसत मजदूरी भुगतान को सुधारने पर जोर देते हुए कहा कि प्रशिक्षण, महिला मेट, ग्रुप टास्क, निरीक्षण और मोनिटरिंग के आधार पर इसमें सुधार किया जा सकता है। उन्होंने अपूर्ण कामों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। श्री किशन ने 100 दिवसीय कार्ययोजना की क्रियान्विति में गति तेज करने को कहा।

जिला कलक्टर श्री विश्व मोहन शर्मा ने पंचायतीराज एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा जल शक्ति अभियान से जुड़े सभी अधिकारियों को कामकाज में गति लाने के निर्देश दिए। बैठक में सांसद एवं विधायक स्थानीय क्षेत्र कार्यक्रम, मगरा विकास कार्यक्रम, सांसद आदर्श ग्राम योजना आदि की भी समीक्षा की गई। बैठक में सीईओ श्री गजेन्द्र सिंह राठौड़ सहित विकास अधिकारी एवं अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

error: Content is protected !!