कुलपति ने ली बैठक, प्रस्तावित स्थल का किया मुआयना
बीकानेर, 3 मार्च। स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय में संविधान पार्क विकसित किया जाएगा। इसमें संविधान की प्रस्तावना, मूल अधिकार एवं कर्तव्य सहित प्रमुख बिंदुओं की पट्टिकाएं लगाई जाएंगी। इससे संबंधित बैठक मंगलवार को कुलपति प्रो. आर. पी. सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में कुलसचिव कपूर शंकर मान, प्रसार शिक्षा निदेशक प्रो. एस. के. शर्मा, वित्त नियंत्रक बी. एल. सर्वा, विशेषाधिकारी प्रो. राजेश शर्मा मौजूद रहे। कुलपति ने कहा कि राज्यपाल एवं कुलाधिपति के निर्देशानुसार विश्वविद्यालय में संविधान पार्क विकसित किया जाएगा, जिससे किसान और कृषि विद्यार्थी संविधान की मूल भावना को समझ सकें। इस पार्क में बैठक व्यवस्था होगी तथा रंग-बिरंगी लाइटें लगाई जाएंगी। यह कार्य शीघ्र प्रारम्भ कर दिया जाएगा। इसके लिए नक्शा बनाने तथा लैंड स्कैपिंग के लिए निर्देशित किया। बैठक के पश्चात् कुलपति ने संविधान पार्क के लिए प्रस्तावित स्थान का अवलोकन भी किया।
कुलपति ने देखा संग्रहालय
कुलपति प्रो. आर. पी. सिंह ने मंगलवार को स्वामी विवेकानंद कृषि संग्रहालय का अवलोकन भी किया। इस दौरान उन्होंने प्रसार शिक्षा तथा अनुसंधान निदेशालय, काॅलेजों तथा आइएबीएम, फार्म मशीनरी संेटर के माॅडल एवं चित्रों को देखा। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोगों को इसका अवलोकन करवाया जाए। कुलपति ने संग्रहालय के सभागार का अवलोकन किया तथा इसे अत्याधुनिक संसाधनों से सुसज्जति करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसे माॅडल सभागार में रूप में विकसित किया जाए तथा समय-समय पर विभिन्न गतिविधियां आयोजित हों।
——
नेत्र एवं दंत चिकित्सा शिविर बुधवार को
बीकानेर, 3 मार्च। गृह विज्ञान महाविद्यालय द्वारा रोटरी क्लब मरुधरा के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को नेत्र एवं दंत चिकित्सा शिविर आयोजित किया जाएगा। महाविद्यालय परिसर में शिविर दोपहर 2ः30 बजे प्रारम्भ होगा। अधिष्ठाता डाॅ. विमला डुकवाल ने बताया कि शिविर में विश्वविद्यालय के कर्मचारी-अधिकारी, विद्यार्थी और आमजन भागीदारी निभा सकेंगे। संयोजक रोटे. पंकज पारीक और शरद कालरा ने बताया कि नेत्र ज्योति कलश अभियान के तहत आयोजित शिविर में डाॅ. अनंत शर्मा एवं आचार्य नानेश रोटरी नेत्र चिकित्सालय के प्रतिनिधि तथा दंत परीक्षण के लिए डाॅ. अंबुज गुप्ता अपनी सेवाएं देंगे।