
अजमेर उत्तर विधायक एवं पूर्व शिक्षा राज्य मंत्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत की ओर कदम बढ़ाते हुए केन्द्र सरकार ने किसानों व एमएसएमई के लिए बड़े फैसले किए है। देश में 6 करोड एमएसएमई है जो 11 करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार दे रही है। सरकार ने एमएसएमई के लिए 20 हजार करोड़ के लोन व 50 हजार करोड के इक्विटी निवेश का प्रावधान किया है जिससे इस क्षेत्र में नये अवसर खुलेंगे तथा देश के युवाओं को रोजगार के अवसर तो मिलेंगे ही साथ ही स्थानीय स्तर पर उत्पादन में बढ़ोतरी होगी जो कि देश को आत्मनिर्भर बनाने में सहायक सिद्ध होगी।
उन्हांेने कहा कि सरकार ने गरीब, मजदूर व किसानों के प्रति पूरी संवेदनशीलता रखते हुए कई अहम फैसले किये है। किसानों को 14 फसलों पर लागत से 50 प्रतिशत अधिक दाम मिलेगा साथ ही उनके द्वारा लिये गये कर्ज पर ब्याज की छूट भी मिलेगी। किसानों से उनकी फसल की खरीद भी सरकार द्वारा की जा रही है तथा अनाज, दालों व अन्य फसलों का समर्थन मूल्य भी बढाया गया है।
उन्होंने कहा कि रेहड़ी पटरी वालो को 10 हजार तक के लोन की सुविधा दी गई है जिससे 50 लाख से ज्यादा लोग लाभान्वित हो सकेंगे तथा वे इससे अपना रोजगार शुरू कर सकेंगे। केन्द्र सरकार द्वारा एक देश एक राशन कार्ड की व्यवस्था लागू की जा रही है जिससे अन्य स्थानों पर मजदूरी, नोकरी करने वाले लोगों को इसका लाभ मिल सके।
देवनानी ने कहा कि कोरोना महामारी से संघर्ष करने के साथ ही देश आत्मनिर्भर बने व गरीब, मजदूर, किसान सहित सभी को सम्बल मिल सके इसके लिए मोदी जी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने कई अहम फैसले किये है और उन पर अपने कदम भी आगे बढा दिये हैं।