सीएम शुक्रवार करेंगे 22 करोड़ के विकास कार्यों का ऑनलाइन लोकापर्ण व शिलान्यास
अजमेर, 17 दिसम्बर। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत शुक्रवार को अजमेर डिस्कॉम के लाखों उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति का तोहफा देंगे। मुख्यमंत्री कल अजमेर डिस्कॉम के 22 करोड़ के 15 विकास कार्यों का ऑनलाइन लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे।
प्रबन्ध निदेशक श्री वी.एस. भाटी ने बताया कि राज्य सरकार के 2 वर्ष पूर्ण होने पर विद्युत ग्रिड सबस्टेशन के 4.21 करोड़ रुपयों के 4 प्रोजेक्टस का शिलान्यास तथा 17.57 करोड़ रुपयों के 11 प्रोजेक्टस का लोकार्पण होगा। इन सभी विद्युत ग्रिड सबस्टेशनों के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में लाखों उपभोक्ताओं को दी जाने वाली विद्युत आपूर्ति की गुणवता में सुधार एवं विद्युत छीजत में कमी आएगी।
प्रबंध निदेशक ने बताया कि अजमेर डिस्कॉम चित्तौडगढ़ जिले के केलझर, देवरी, अभयपुर तथा न्यूकोर्ट में 33/11 केवी विद्युत ग्रिड सब स्टेशन के प्रोजेक्टस लगाएगा जिससे केलझर, भूंगडिया, मेवासा, वांदा, बावडी खेडा, देव डूंगरी, जवासिया, मानपुरिया, आमलीखेडा, देवरी, घाघसा, रिठोला, अभयपुर, एकलिंगपुरा, मायराघटा, गलियामाल, बरखेडा, अम्बोवेरी, मगोदडा, भादीखेडा, पंचुण्डल, वडी का खेडा, वालपदमनी विहार, रतन विहार, मधुबन क्षेत्र, पंचवटी, कच्ची बस्ती, पंचवटी, प्रतापनगर, हाउसिंग बोर्ड के उपभोक्ताओं को दी जाने वाली विद्युत आपूर्ति में सुधार के साथ-साथ गुणवत्ता वाली निर्बाध विद्युत आपूर्ति दी जाएगी।
श्री भाटी ने बताया कि इसी तरह चित्तौडगढ़ जिले के सिन्दावाडी तथा चिक्सी में जहाजपुर (भीलवाडा) के अमलदा तथा गंगथला में भीलवाडा जिले के मांडलगढ तथा मांडल में, बांसवाडा के घटोल में राजसंमद के नाथद्वारा में, सीकर के धोद में, तथा उदयपुर के मावली ( गोवर्धनपुरा) में, 33/11 केवी के विद्युत ग्रिड सब स्टेशनों का लोकार्पण किया जाएगा। इन सभी की कुल लागत 17.57 करोड़ रुपये है। इस लोकार्पण के पश्चात लगभग 30 हजार से ज्यादा उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिल सकेगी। उन्होने बताया कि आने वाले समय में और भी अधिक से अधिक 33/11 केवी विद्युत ग्रिड सब स्टेशन लगाकर अजमेर डिस्कॉम अपने सभी उपभोक्ताओं को 24 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध करवाएगा।