अजमेर ग्रामीण की 9 ग्राम पंचायतों की मतदाता सूचियां होगी अद्यतन

अजमेर, 6 जनवरी। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अजमेर ग्रामीण पंचायत समिति की 9 ग्राम पंचायतों में आयोजित होने वाले आगामी आम चुनाव की निर्वाचक नामावलियों को अद्यतन किया जाएगा।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कैलाश चन्द्र शर्मा ने बताया कि अजमेर ग्रामीण पंचायत समिति की 9 ग्राम पंचायतों सेंदरिया, कायड़, नारेली, घूघरा, माकड़वाली, हाथीखेडा, तबीजी, दौराई एवं सोमलपुर का कार्यकाल जनवरी माह में समाप्त हो रहा है। इनकी विद्यमान निर्वाचक नामावलियां अर्हता तिथि एक जनवरी 2020 के संदर्भ में तैयार की हुई है। इनके आम चुनाव पूर्व इन नामावलियों को अर्हता तिथि एक जनवरी 2021 के संदर्भ में अद्यतन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इसके लिए इन 9 ग्राम पंचायतों के एक जनवरी 2021 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले निवासियों के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित किए जाएंगे। नामावलियों के निरन्तर अद्यतन के दौरान संबंधित बीएलओ एवं प्रगणक इन 9 ग्राम पंचायतों के मतदान केन्द्रों पर आवेदन प्राप्त करने के लिए रविवार 10 जनवरी को प्रातः 10 बजे से मतदान बूथ पर उपस्थित रहेंगे। इस दिन अपने संबंधित मतदान केन्द्र पर उपस्थित होकर आवेदक आवेदन पत्र बीएलओ एवं प्रगणक को प्रस्तुत कर सकते हैं। मतदाता सूची को अद्यतन करने के लिए आवेदन 11 जनवरी 2021 को सायं 6 बजे तक ही ईआरओ, एईआरओ के कार्यालय में प्राप्त किए जा सकेंगे।

error: Content is protected !!