अजमेर, 21 जनवरी। राज्य सरकार द्वारा कोरोना वैक्सीनेशन के लिए किए जा रहे प्रयासों के तहत अजमेर विद्युत वितरण निगम भी सतर्क है। निगम ने अपने सभी इंजीनियर्स को निर्देश दिए हैं कि जिला प्रशासन एवं चिकित्सा विभाग के साथ समन्वय कर वैक्सीनेशन स्टोरेज से संबंधित सभी सेन्टर्स पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति को हरस्थिति में बनाए रखें।
प्रबन्ध निदेशक श्री वी.एस. भाटी ने डिस्कॉम के सभी इंजीनियर्स को विस्तृत निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में कोरोना वैक्सीनेशन शुरू हो चुका है। ऎसे में वैक्सीन को सही तापमान में स्टोर करने के लिए वहां सुचारू विद्युत आपूर्ति बेहद जरूरी है।
उन्होंने बताया कि डिस्कॉम के सभी इंजीनियर्स को कहा गया हैं कि वैक्सीनेशन के लिए निर्धारित सभी सेन्टर्स पर विद्युत आपूर्ति को हर हाल में निर्बाध जारी रखें। इसके लिए जिला कलक्टर की अध्यक्षता में गठित डिस्टि्रक्ट टास्क फोर्स, प्रशासन और चिकित्सा विभाग में समन्वय स्थापित कर काम किया जाए। इसके लिए मुख्यालय स्तर में भी लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी।