केकड़ी 15 मार्च (पवन राठी) अजमेर रोड पर स्थित एक्सिस बैंक के ATM में रविवार रात लूट की कोशिश की गई। बदमाशों ने 30 लाख रुपए से भरी मशीन को दिवाली में चलाए जाने वाले पटाखे यानी सुतली बम से मशीन तोड़ने की कोशिश की, लेकिन वे इसमें कामयाब नहीं हो सके। रात में ही वारदात की सूचना पुलिस को मिली और पुलिस ने बैंक को सूचना कर दी। सुबह ATM में रखा गया 30 लाख 62 हजार 500 रुपए सुरक्षित बाहर निकाल लिए।
ATM के बाहर CCTV कैमरे नहीं लगे हुए थे, ऐसे में आरोपियों का कोई सुराग हाथ नहीं लगा। ATM के अन्दर भी कैमरे बताए जा रहे है और उससे सुराग की उम्मीद है। ATM के कार्ड रीडर, की-बोर्ड, फेसिया रिसिप्ट प्रिंटर, पिन पैड आदि क्षतिग्रस्त हुए हैं।
ऐसे हुई जानकारी:-
=============
रात को जब एक व्यक्ति ATM में कैश से निकालने गया तो वहां तोड़फोड़ देखी और इसके बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। वारदात कब हुई और कैसे की गई, कितने लोग थे, फिलहाल कुछ भी पता नहीं चल पाया है।
ऐसे जताई जा रही आशंका:-
=====================
माना जा रहा है कि ATM में लूट की वारदात को अंजाम देने के लिए कुछ लोग आए और यहां पर सूतली बम फोड़कर तोड़ फोड़ करने की कोशिश की। लेकिन जब वे नकदी तक नहीं पहुंच पाए तो थक हार कर चले गए। यह भी माना जा रहा है कि वारदात अंजाम देने वाले शातिर अपराधी नहीं थे, ऐसे में वे वारदात देने में असफल रहे या फिर लोगों की आवाजाही होने के कारण वे भाग छूटे।