रघु शर्मा के दखल के बाद वकीलों की हुई बड़ी जीत

वकील परिवार के साथ मारपीट के मामले में केकड़ी सीआई ब्रजेश मीणा सहित तीन पुलिस कर्मी लाइन हाजिर, पुलिस अधीक्षक ने जारी किए आदेश
वकीलों को मिला न्याय चिकित्सा मंत्री डॉ रघु शर्मा के निर्देश पर हुई कार्यवाही, वकीलों के शिष्टमंडल ने डॉ शर्मा को बताया घटनाक्रम
बार एसोसिएशन ने धरना समाप्त किया, न्याय मिलने पर खुशी से झूम उठे वकील, चिकित्सा मंत्री का आभार व्यक्त किया

रघु शर्मा
केकड़ी_ 1 अप्रैल(पवन राठी) / केकड़ी बार एसोसिएशन के सदस्य वरिष्ठ एडवोकेट पवन सिंह भाटी के पिता व विश्व हिंदू परिषद के प्रखंड अध्यक्ष महावीर सिंह भाटी तथा उनके परिजनों के साथ पुलिसकर्मियों द्वारा बेवजह की गई मारपीट वाले मामले में बार एसोसिएशन व विश्व हिंदू परिषद के लिए राहत की खबर है कि राज्य के चिकित्सा मंत्री डॉ रघु शर्मा के दखल के बाद पीड़ित परिवार को न्याय मिल गया है। डॉ रघु शर्मा के निर्देश पर अजमेर पुलिस अधीक्षक ने मामले में आरोपित तीन पुलिस कर्मियों रामराय, लोकेश व वीरेंद्र सहित केकड़ी थानाधिकारी ब्रजेश मीणा को लाइन हाजिर कर दिया है। इस मामले को लेकर पिछले तीन दिनों से केकड़ी बार एसोसिएशन के सदस्य आंदोलनरत थे वहीं विश्व हिंदू परिषद में भी मामले को लेकर रोष व्याप्त था। आज प्रातः बार एसोसिएशन के अध्यक्ष चेतन धाबाई व वरिष्ठ एडवोकेट मो सईद नकवी के नेतृत्व में ग्यारह सदस्यों का एक शिष्टमंडल राज्य के चिकित्सा मंत्री डॉ रघु शर्मा से मिला तथा पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। शिष्टमंडल ने डॉ रघु शर्मा को पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि पहले तो नशे में धुत्त तीन पुलिस कर्मियों ने वरिष्ठ एडवोकेट पवन भाटी के पिता महावीर सिंह भाटी व परिजनों के साथ बिना वजह लाठियों से बर्बरता पूर्वक मारपीट की। जब इसकी शिकायत लिखाने एडवोकेट पवन भाटी थाने गए तो वहां सीआई ने उल्टे उनको धमकाया तथा सिपाही द्वारा उन पर अनुसूचित जाति/जनजाति का झूँठा मुकदमा दर्ज करा दिया। जब पूरे घटनाक्रम की जानकारी डॉ शर्मा को मिली तो उन्होंने इसे बहुत गम्भीरता से लिया तथा तुरंत अजमेर एसपी से बातचीत कर दोषी पुलिसकर्मियों को अविलंब उनके निर्वाचन क्षेत्र से हटाने को कहा, डॉ शर्मा ने एसपी को कहा कि ऐसे अधिकारी, कर्मचारी उनके क्षेत्र में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे आप उन्हें तुरंत हटाएं। जिस पर अजमेर एसपी ने आदेश निकालते हुए केकड़ी सीआई ब्रजेश मीणा सहित अन्य तीन पुलिस कर्मियों को लाइन भेज दिया। इस मामले की जानकारी जब एडिशनल एसपी घनश्याम शर्मा व एसडीएम सुरेंद्र सिंह राजपुरोहित ने धरना स्थल पर धरने पर बैठे बार एसोसिएशन के सदस्यों को दी तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। न्याय की जीत होने पर कुछ वकील अपनी खुशी का इजहार कर झूम उठे। एसपी के उक्त आदेश के बाद तीन दिनों से चल रहा अनिश्चितकालीन धरना समाप्त हो गया है। पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्यवाही होने व पीड़ित परिवार को न्याय मिलने पर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष चेतन धाबाई, वरिष्ठ एडवोकेट मो सईद नकवी, हेमंत जैन, पवन भाटी, निर्मल चौधरी, नवलकिशोर पारीक, आसिफ हुसैन सहित सभी वकीलों ने इसे न्याय की जीत बताते हुए चिकित्सा मंत्री डॉ रघु शर्मा का आभार व्यक्त किया। उधर विश्व हिंदू परिषद ने भी इसे न्याय की जीत बताते हुए खुशी का इजहार किया है। महावीर सिंह भाटी जिनके साथ यह घटनाक्रम हुआ वे यहां विश्व हिंदू परिषद में प्रखंड अध्यक्ष हैं। इस घटनाक्रम को लेकर विश्व हिंदू परिषद सहित नगर के सभी हिंदूवादी संगठनों में गहरा रोष था।

error: Content is protected !!