कई राज्यों को कंपनी फ्री में सप्लाई करेगी ऑक्सीजन
नई दिल्ली: रिलायंस इंडस्ट्रीज ने गुजरात के जामनगर स्थित अपनी तेल रिफाइनरियों में मेडिकल ग्रेड के ऑक्सीजन का उत्पादन बढ़ा दिया है। कंपनी ने मेडिकल ग्रेड के ऑक्सीजन के उत्पादन को बढ़ाकर 700 टन रोजाना से ज्यादा कर दिया है। कंपनी मेडिकल ग्रेड ऑक्सीजन की सप्लाई कोविड-19 से प्रभावित राज्यों को बिना किसी शुल्क के कर रही है। इस मामले से अवगत लोगों ने जानकारी दी है कि कंपनी की जामनगर रिफाइनरी में शुरुआत में 100 टन ऑक्सीजन का उत्पादन हो रहा था, जिसे तत्काल बढ़ाकर 700 टन से अधिक कर दिया गया है।
कंपनी की योजना मेडिकल ग्रेड ऑक्सीजन के उत्पादन को बढ़ाकर 1,000 टन करने की है। इससे पहले जामनागर की रिफाइनरियों में मेडिकल ग्रेड ऑक्सीजन का उत्पादन नहीं होता था। इस रिफाइनरी में डीजल, पेट्रोल और जेट ईंधन का उत्पादन होता है।
कोरोनावायरस के मामलों में अचानक वृद्धि होने से ऑक्सीजन की डिमांड बढ़ने पर रिलायंस ने उपकरण लगाए एवं मेडिकल ग्रेड ऑक्सीजन का उत्पादन प्रारंभ कर दिया। एक सूत्र ने जानकारी दी, ”प्रतिदिन करीब 700 टन ऑक्सीजन की आपूर्ति देश के विभिन्न राज्यों को की जा रही है। इससे प्रतिदिन गंभीर रूप से बीमार 70,000 से ज्यादा मरीजों को राहत मिलेगी।” कंपनी ने बताया है कि विशेष टैंकर्स में (-)183 डिग्री सेल्सियस पर ट्रांसपोर्टेशन सहित ऑक्सीजन की पूरी सप्लाई कंपनी द्वारा निशुल्क किया जा रहा है। कंपनी की CSR पहल के तहत ऐसा किया जा रहा है।
गुजरात, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों को ऑक्सीजन भेजे जाने से प्रतिदिन 70,000 से ज्यादा गंभीर रूप से बीमार लोगों को राहत मिलेगी।