अजमेर। स्वामी हिरदाराम साहेब का शुक्रवार को छठा निर्वाण दिवस अनेक धार्मिक और सामाजिक आयोजनों के साथ मनाया गया। स्वामी जी की पुष्कर स्थित कुटिया में सुखमनी साहेब का पाठ हुआ। वहीं गरीबों को भोजन कराया गया। शहर में स्वामी जी के अनुयाइयों ने छोले के प्रसाद का वितरण किया।
जीव सेवा समिति के सचिव जगदीश वच्छानी ने बताया कि स्वामीजी के निर्वाण दिवस के अवसर पर विभिन्न सेवा प्रकल्प किये जा रहे हैं, जिसमें गौशालाओं में चारा, गरीब निर्धन बच्चों को स्वेटर, गरीब बस्तियो में कंबल, अनाथ आश्रम और वृद्धा आश्रम में ऊनी वस्त्र सहित जरूरी सामान उपलबध कराया जाता है।
देहली गेट स्थित झूलेलाल धाम पर सुखमनी पाठ साहिब का आयोजन किया गया। पूरे मंदिर परिसर की शानदार सजावट की गई। धाम के सेवाधारी प्रभु लौंगानी ने बताया की 21 से 23 दिसम्बर तक देहली गेट झूलेलाल धाम पर पूज्यलाल साहेब मंदिर सेवा ट्रस्ट झूलेलाल धाम और श्रीराम मानस मंडल के तत्वावधान में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। इस कड़ी में शनिवार 22 दिसम्बर सुबह 10 बजे से अखण्ड रामायण पाठ आरम्भ किया गया जो रविवार 23 दिसम्बर शाम 6 बजे आरती के साथ संपन्न होगा। तत्पश्चात आम भंडारे का आयोजन होगा।