उपखंड प्रशासन द्वारा 507 शहरवासियों का टीकाकरण
ब्यावर,(हेमन्त साहू)। ब्यावर शहर में उपखंड अधिकारी ब्यावर रामप्रकाश के निर्देशन में चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान ब्यावर शहर वासियों का शत-प्रतिशत टीकाकरण की दिशा की ओर अग्रसर है। शहरवासियों द्वारा उपखंड प्रशासन द्वारा गठित वैक्सीनेशन टीम को भरपूर सहयोग दिया जा रहा है। कोविड एवं वैक्सीनेशन प्रभारी शलभ टंडन ने बताया कि ब्यावर शहरी क्षेत्र में शुक्रवार को 507 शहरवासियों का टीकाकरण किया गया। कुल 3 टीकाकरण केंद्रों पर शहर वासियों को टीकाकरण की प्रथम एवं द्वितीय खुराक लगाई गई। सिटी डिस्पेंसरी ब्यावर में 120, कॉलेज रोड ईएसआई डिस्पेंसरी में 93 शहर वासियों को, राजकीय अमृत कौर चिकित्सालय में 294 शहर वासियों का टीकाकरण किया गया है। समस्त टीकाकरण केंद्रों में 18 वर्ष से 44 वर्ष की उम्र के 399 शहर वासियों को प्रथम एवं द्वितीय खुराक दी गई। टंडन ने कहा की तीनों केंद्रों में दिव्यांग एवं वृद्ध जनों को प्राथमिकता के आधार पर टीकाकरण किया जा रहा है। सिटी डिस्पेंसरी ब्यावर में दिव्यांग जगदीश एवं विनीता का टीकाकरण किया गया। वयोवृद्ध टीकाकरण केंद्र तक आने में असक्षम उम्मेद बुरड एवं श्रीमती कमला देवी का घर पर जाकर टीकाकरण किया गया। उपखंड प्रशासन ब्यावर शत प्रतिशत टीकाकरण करने के लिए प्रतिबद्ध है तथा हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। सभी शहर वासियों से अपील है अब भी कोई टीकाकरण से वंचित है तो तुरंत टीकाकरण केंद्रों पर पहुंचे। उपरोक्त सभी टीकाकरण अभियान में डॉक्टर अमिता टंडन, डॉक्टर मधुसूदन टाक, वैक्सीनेटर कृष्णा गहलोत ,प्रिया चौहान, सुशीला कंवर सुपरवाइजर कल्याणमल सोनल , दीपक जैन, समस्त टीकाकरण केंद्रों के कोविड चिकित्सा सहायक, बीएलओ एवं वैक्सीनेशन टीम के समस्त सदस्यों द्वारा सहयोग प्रदान किया गया।