अपराधियों की आंखों में डाला तेजाब

बिहार के अररिया जिले में रविवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने दो अपराधियों की पिटाई की तथा उनकी आंखों में तेजाब डाल दिया। पीड़ितों में एक की दोनों आंख खराब हो गई है, जबकि दूसरे की एक आंख खराब हुई है। पुलिस ने एक पिस्तौल व दर्जन भर कारतूस बरामद किए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जिले के परमानंदपुर पंचायत में मुखिया पद को लेकर गत बीस दिसंबर को उप चुनाव हुआ। इसमें परमानंदपुर-हिंगना के मुन्ना ठाकुर तथा ब्रह्मादेव मंडल के घर से उम्मीदवार खड़े हुए पर दोनों हार गए। इसे लेकर दोनों पक्षों में तनाव था। शनिवार देर शाम मुन्ना ठाकुर व ब्रह्मादेव के बीच बहस हो गई। इस पर मुन्ना ने फायरिंग की। रविवार सुबह ब्रह्मादेव की ओर से कुछ लोग पंचायत के लिए मुन्ना ठाकुर को बुलाने गए। इस पर मुन्ना ठाकुर, कन्हैया व अन्य साथियों ने उन लोगों को पीटा व फायरिंग भी की। मुन्ना व उसके साथियों का आपराधिक इतिहास रहा है। गोलीबारी पर वहां सैंकड़ों लोग जुट गए और बवाल बढ़ गया। मुन्ना की मां के अनुसार ग्रामीणों ने सीरिंज से उसके बेटे की आंख में तेजाब डाल दिया। ऐसे ही कन्हैया की दोनों आंखें बुरी तरह जख्मी हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

error: Content is protected !!