उत्तर भारत में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। देश की राजधानी में सोमवार को पारा गिरकर आठ डिग्री सेल्सियस हो गया, वहीं जम्मू-कश्मीर में पारा जीरो डिग्री से भी नीचे चला गया है। गुलमर्ग में जहां तापमान -7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया वहीं श्रीनगर में यह -1 डिग्री सेल्सियस रहा।
लखनऊ में सर्दी की वजह से आठवीं तक के स्कूलों को पांच जनवरी तक के लिए बंद कर दिया गया है। दिल्ली समेत उत्तर भारत में पड़ रही कड़ाके की सर्दी ने वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिए हैं। कोहरे की मार कुछ जगहों पर इतनी है कि दस मीटर तक भी देख पाना मुश्किल हो रहा है। वहीं दर्जन भर से ज्यादा ट्रेन देरी से चल रही हैं वहीं कुछ को रद कर दिया गया है। वहीं हवाई यातायात भी कोहरे की वजह से बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। दिल्ली हवाई अड्डे के टर्मिनल थ्री पर यात्री अपनी फ्लाइट के इंतजार में खड़े हैं। वहीं यहां पर दस मीटर की विजीबिलिटी भी नहीं है।
शीतलहर की चपेट में आए उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में रविवार को पारा और गिरा। लोग गर्म कपड़ों में ठिठुरते नजर आए और गलन ने तो आफत बढ़ा दी। छुट्टी का दिन होने की वजह से लोग घरों में दुबके रहे। ठंड से अकेले उत्तर प्रदेश में 22 लोगों की जान चली गई। मैदानी भागों में सुबह से रात तक कोहरा छाया रहा। रेल व सड़क यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। इसका असर विमानों की उड़ान पर भी पड़ा। कोहरा हादसों का भी कारण बना, जिसमें लोगों ने जान गंवाई। पर्वतीय इलाकों में ठंड बढ़ने से कश्मीर की प्रसिद्ध डल झील भी जमने लगी है।
राजधानी दिल्ली में सुबह घना कोहरा छाया रहा। दिन में सूरज तो दिखाई दिया, लेकिन उसकी गर्मी लोगों को कोई राहत नहीं दे पाई। दिन भर लोग गलन से जूझते रहे। रात को कोहरे ने और जोर पकड़ लिया। यहां न्यूनतम तापमान 5.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो शनिवार के मुकाबले 0.3 डिग्री कम था और यह मौसम का सबसे ठंडा दिन रहा। कोहरे के चलते दिल्ली पहुंचने वाली ट्रेनों के संचालन में 20 घंटों तक की देरी हुई। सड़कों पर वाहन रेंगते चले और दिन में ही हेडलाइट का प्रयोग करना पड़ा। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कम दृश्यता के चलते सौ से अधिक उड़ानों में देरी हुई। तीन विमानों की उड़ान रद करनी पड़ी। इसके चलते यात्रियों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा।
पड़ोसी राज्य हरियाणा में भी कोहरे ने लोगों को खूब छकाया। शीतलहर के चलते लोग अपने घरों में दुबके रहे, लेकिन उन्हें गलन से राहत नहीं मिली। यहां हिसार में सबसे कम 1.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पंजाब में भी कमोवेश ऐसी ही स्थिति रही। कोहरे व शीतलहर से जनजीवन प्रभावित हुआ। अमृतसर में सबसे कम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। कोहरे की वजह से राज्य में अलग-अलग जगह हुए हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 16 घायल हो गए। उत्तर प्रदेश में ठंड से 22 लोगों के मौत की सूचना है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अधिकतम व न्यूनतम तापमान का अंतर कम होने के कारण गलन महसूस हो रही है। कोहरे के चलते सूबे की ज्यादातर ट्रेनें लेट चल रही हैं। सड़क पर भी यही हाल रहा। राज्य में हुए विभिन्न हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 50 से भी अधिक घायल हो गए। नोएडा एक्सप्रेस-वे पर सफीपुर गांव के समीप आठ वाहन आपस में टकरा कर क्षतिग्रस्त हो गए। इसमें किसी के मौत की सूचना नहीं है।
पर्वतीय राज्यों में भी भीषण ठंड पड़ रही है। कश्मीर में सर्दियों का सबसे ठंडा दौर कहलाने वाले चिल्ले कलां ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया। रविवार को न्यूनतम तापमान शून्य से चार डिग्री सेल्सियस नीचे चले जाने से श्रीनगर के लोगों ने मौजूदा सर्दियों की सबसे ठंडी रात गुजारी। लेह में पारा शून्य से 17 डिग्री तक नीचे गिरा और राज्य का सबसे ठंडा क्षेत्र बना रहा। कश्मीर में धूप भी लोगों को हड्डियां जमा देने वाली ठंड से कोई राहत नहीं दिला पर रही है। राज्य के मैदानी क्षेत्रों में कोहरे की मार शुरू हो गई है। ऐसी ही स्थिति हिमाचल प्रदेश में भी रही। यहां केलंग में पारा शून्य से 9.9 डिग्री तक नीचे गिरा। उत्तराखंड में रविवार को कुमाऊं के ऊधमसिंहनगर जिले को छोड़कर मैदानी इलाकों में कोहरे से कुछ राहत रही। सुबह के वक्त हरिद्वार, रुड़की, कोटद्वार समेत अन्य मैदानी इलाकों में कोहरा रहा, लेकिन पूर्वाह्न तक यह छंट गया और चटख धूप खिलने पर लोगों को राहत मिली।