
देवनानी ने अपने शुभकामना संदेश में कहा है कि आओ जगमग दीप जलाकर, जग का सारा तमस मिटाएं। शिक्षा और संस्कार की ज्योति लेकर, देशप्रेम का भाव जगाएं। अमृत महोत्सव के शुभअवसर पर,भारत को आत्मनिर्भर बनाएं । अखण्ड भारत का मंत्र साधकर, विश्वगुरू का ताज पहनायें । उन्होंने कहा कि कोरोना जैसी महामारी से शहर और प्रदेश की जनता को अभी कुछ राहत मिली है, लेकिन फिर भी सभी को पूरी तरह सावचेत रहने की जरूरत है। देवनानी ने कहा कि उन्होंने भाजपा के ध्येय ’’सेवा ही संगठन’’ को ध्यान में रखते हुए कोरोनाकाल में विधायक सेवा केंद्र शुरू कर जनसेवा के विभिन्न मोर्चों पर भागीदारी निभाई। कोरोना से जंग में विधायक कोष आमजन का सहारा बना। इसके तहत विधायक कोष से 1.25 करोड़ रूपए स्वास्थ्य सेवाओं को समर्पित किए गए। भारत विकास परिषद के सहयोग से क्वारेंटाइन मरीजों को घरों पर 33 हजार पैकेट के जरिए निशुल्क भोजन उपलब्ध कराया गया। कोरोना संक्रमित परिवारों को आयुर्वेद पद्धति से तैयार ’परिवार आरोग्य किट’ वितरित किए गए। निशुल्क आॅक्सीजन कंसेंट्रेटर मशीनें उपलब्ध कराई गईं, जिससे कोरोना मरीजों को प्राणवायु मिली।
देवनानी ने बताया कि विधायक कोष से पंचशील स्थित राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 55 लाख रूपए की लागत से आॅक्सीजन प्लांट स्थापित कराया गया। साढ़े 7 हजार जरूरतमंद परिवारों को विधायक कोष से 25 लाख रूपए की राहत सामग्री बांटी गई। बैट्री से संचालित 60 सैनेटाइजर मशीनों से अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र को सैनेटाइज कराया गया, जिससे कोरोना संक्रमण का खतरा टला। स्वास्थ्य संबंधी परामर्श के लिए अनुभवी डाॅक्टरों द्वारा निशुल्क टेलीमेडिसिन की सुविधा और 13 मेडिकल स्टोरों की मदद से घर बैठे दवा उपलब्ध कराई गई। पार्षदों के सहयोग से 120 निशुल्क वैक्सीनेशन कैंप लगवाए गए।