आंध्र प्रदेश में नक्सल विरोधी अभियानों में हेलीकॉप्टर के इस्तेमाल को केंद्रीय गृह मंत्रालय ने हरी झंडी दे दी है। आंध्र प्रदेश के पुलिस महानिदेशक वी. दिनेश रेड्डी ने बताया कि मंत्रालय ने नक्सल प्रभावित राज्यों को इसके लिए संयुक्त कार्यदल गठित करने की भी सलाह दी है, जिसे हेलीकॉप्टर दिया जाएगा।
दिनेश रेड्डी के मुताबिक गृह मंत्रालय ने इस बाबत हाल ही में निर्णय लिया है। हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल राज्य की सीमाओं के 10 किमी के दायरे में किया जा सकेगा। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली, छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश-ओडिशा के सीमावर्ती क्षेत्रों में पहले से ही संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है। इसमें आंध्र के आठ जिले शामिल हैं। आंध्र के डीजीपी ने माओवादी गतिविधियों पर नकेल कसने का दावा करते हुए कहा कि इस साल 299 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 304 माओवादियों ने समर्पण किया।