-राजकीय शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र वैशाली नगर,अजमेर में 20 लाख रूपए की लागत से होगा वार्ड व स्टोर रूम का कायाकल्प
-वार्ड 71 वैशाली नगर सेक्टर तीन प्रेम उद्यान के पास गलियों में 30 लाख रूपए की लागत से बनेंगी सी.सी.सड़कें
अजमेर, 26 अप्रैल। पूर्व शिक्षा मंत्री व अजमेर उत्तर के विधायक वासुदेव देवनानी ने मंगलवार को अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में दो स्थानों पर करीब 50 लाख रूपए की लागत से होने वाले विकास कार्यों का श्रीगणेश किया। इनमें वैशाली नगर स्थित राजकीय शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में 20 लाख रूपए की लागत से वार्ड और स्टोर रूम का कायाकल्प कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में क्रमोन्नत कराने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे।
पूरे राजस्थान में रेटिंग में वैशाली नगर के इस शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के छठे स्थान पर आने पर केंद्र के चिकित्सकों और चिकित्सा कर्मियों को बधाई देते हुए देवनानी ने कहा कि इस स्वास्थ्य केंद्र को और ज्यादा विकसित करने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने इस केंद्र के लिए एक एम्बुलेंस और चिकित्सा उपकरण दिए हैं और भविष्य में भी जरूरत पड़ी तो उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि वे इस स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में क्रमोन्नत कराने के लिए भरसक प्रयास करेंगे, ताकि यहां ज्यादा से ज्यादा लोगों को लाभ मिल सके। उन्होंने क्षेत्रवासियों से आग्रह किया कि वे अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखें। इन दिनों तेज गर्मी से मौसमी बीमारियां भी बढ़ रही हैं, इसलिए बचाव के उपाय अपनाएं।
इसी प्रकार देवनानी ने वार्ड 71 वैशाली नगर सागर विहार काॅलोनी सेक्टर तीन में प्रेम उद्यान के पास गलियों में सी.सी.सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। यह निर्माण कार्य देवनानी की अभिशंसा पर स्वीकृति किए गए हैं। देवनानी ने कहा कि इस क्षेत्र में काफी समय से सड़क क्षतिग्रस्त होने से नागरिकों को परेशानी हो रही थी। लेकिन अब सड़क बनने से उन्हें राहत मिलेगी और आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं से निजात मिलेगी।
देवनानी ने दोनों स्थानों पर निर्माण कार्यों का शुभारंभ करने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए कहा कि हमारा मुख्य ध्येय सर्वांगीण विकास करना है और इसमें किसी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा, पार्टी कार्यकर्ता से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों से जनता को अवगत कराते रहें, उन्हें इस बात की जानकारी रहे कि कौन विकास कार्य करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए उनके दरवाजे हमेशा खुले हैं। उनके लिए जनता और पार्टी कार्यकर्ता ही सर्वोपरि हैं।
इन सभी स्थानों पर देवनानी का पार्षद रमेश सोनी व दीपेंद्र लालवानी, उप मुख्य चिकित्सा व स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. सम्पतसिंह जोधा, स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डाॅ. यशवंत गुरूबख्शानी, सहित अनेक लोगों ने शानदार स्वागत किया और विकास कार्य शुरू कराने के लिए आभार जताया। इस मौके पार्षद वीरेंद्र वालिया, रूबि जैन, रमेश चैलानी और राजेश शर्मा, राजकुमार ललवानी, सुनीलसिंह राजावत, सत्येंद्र कुमार शर्मा, दीपक शर्मा, गजेंद्र शर्मा, डी.पी. शर्मा, विकास लालवानी, ओमप्रकाश छोगानी, नरेश खेमानी, सुरेश चंद्र वर्मा, नरेंद्र आसूदानी, तरूण सकरानी, सोनू रावत, गजेंद्र पंचोली, कपिल गर्ग आदि भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय निवासी मौजूद रहे।
