अजमेर, 30 मई। पूर्व शिक्षा मंत्री व अजमेर उत्तर के विधायक वासुदेव देवनानी ने भाजपा के बूथ अध्यक्षों का आह्वान किया है कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार करें। घर-घर तक राष्ट्रवादी कल्याणकारी योजनाएं पहुंचें और सभी वांछितों को इन योजनाओं को लाभ मिले, ऐसा प्रयास करें। उन्होंने कहा कि सोमवार को प्रधानमंत्री मोदी के दूसरे कार्यकाल के तीन वर्ष पूरे हो गए हैं, ऐसे में सभी का दायित्व है कि हम सरकार के सेवा, गरीब कल्याण और सुशासन संकल्प को आमजन तक पहुंचाएं।
देवनानी सोमवार को वैशाली नगर स्थित सत्यम् पैलेस समारोह स्थल में आयोजित अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। सम्मेलन में बूथ अध्यक्षों के घरों के बाहर लगने वाली वाली कमल पट्टिका भी लाॅन्च की गई। छोटे से छोटे कार्यकर्ता को सम्मान देने और संगठन में सक्रिय सहभागिता बढ़ाने के लिए बूथ अध्यक्षों के घरों के बाहर कमल पट्टिका लगाने का अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल के तीन वर्ष पूरे होने पर बूथ अध्यक्षों को सम्मान देने के लिए यह सम्मेलन आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि हम विकास के काम बूथ अध्यक्ष को केंद्र मानकर करेंगे। हर बूथ की समस्याएं दूर हों, ऐसा प्रयास कर रहे हैं। इससे बूथ अध्यक्षों को पहचान मिलने के साथ उनकी जिम्मेदारियां भी बढ़ेंगी। उन्होंने कहा कि बूथ अध्यक्षों को हर बूथ पर 15 प्रतिशत मतदाता बढ़ाने के प्रयास करने चाहिए, लेकिन यह तब होगा, जब वे मतदाता सूचियों में नए मतदाताओं के नाम जुड़वाएं। यदि कोई मतदाता उनके बूथ क्षेत्र में रहते हैं और किसी कारण से उनके नाम कट गए हैं, तो उनके नाम भी जुड़वाने होंगे।
देवनानी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने पूरे विश्व को राह दिखाई है। आज विश्व में भारत का डंका बज रहा है। शक्तिशाली देश भी भारत के सुशासन के कायल हैं। सबसे बड़ी बात तो यह है कि जो देश किसी समय बात-बात पर भारत को आंख दिखाते थे, वह अब भारत का सम्मान करने लगे हैं। विश्व स्तर पर अनेक मामलों में भारत की बात को वनज दिया जाने लगा है।
देवनानी ने कहा कि केंद्र सरकार ने गरीबों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं चलाई हैं। जातिवाद, परिवारवाद, भ्रष्टाचर और तुष्टिकरण की नीति को दूर रखकर गरीबों, महिलाओं, किसानों और युवाओं को केंद्र बिंदु मानकर इन योजनाओं का खाका तैयार किया गया है। गरीबों, पिछड़ों, दलितों, आदिवासियों और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए भी अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। इन सब योजनाओं का लाभ लोगों को मिल रहा है। ज्यादा से ज्यादा से लोगों को इनका लाभ मिले, इसके लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर योजनाओं का प्रचार-प्रसार करना होगा।
देवनानी ने कहा कि केंद्र की सुशासित योजनाओं का ही परिणाम है कि देश में गरीबी का स्तर 22 प्रतिशत से घटकर 10 प्रतिशत पर आ गया है। अत्यंत गरीबी की दर एक प्रतिशत से भी कम 0.8 प्रतिशत पर बनी हुई है। उन्होंने कहा कि पिछले आठ वर्षों में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के लिए जितने काम हुए हैं, उतने आजादी के 70 साल में भी नहीं हुए। पिछले दो वर्षों में मोदी सरकार 3.40 लाख करोड़ रूपए की लागत से करीब 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन पहुंचा रही है। यह दुनिया की सबसे बड़ी खाद्यान्न वितरण योजना है। देश में पहली बार आमजन को मुफ्त स्वास्थ्य बीमा का लाभ मिला है। पहली बार किसानों और मजदूरों के लिए मासिक पेंशन की व्यवस्था हुई है।
देवनानी ने कहा कि भारत में विदेशी मुद्रा भंडार दोगुना हो गया है। आजादी के 70 साल में देश में केवल 6.37 लाख प्राइमरी स्कूल बने, जबकि मोदी सरकार के आठ वर्षों के कार्यकाल में अब तक 6.53 लाख प्राइमरी स्कूल बन गए हैं। पिछले आठ साल में साक्षरता दर छह प्रतिशत से अधिक बढ़ी है। देश में 15 नए एम्स स्थापित हुए हैं और डाॅक्टरों की संख्या 12 लाख से ज्यादा बढ़ी है। उन्होंने कहा कि देश में खाद्यान्न उत्पादन लगातार रिकाॅर्ड बना रहा है। आठ साल पहले खाद्यान्न उत्पादन 255 मिलियन टन था, जो वर्ष 2021 में बढ़कर 316.06 मिलियन टन हो गया है। कोविडजनित मंदी के बावजूद पिछले वित्तीय वर्ष में 418 अरब डाॅलर का रिकाॅर्ड निर्यात हुआ।
पूर्व मेयर धर्मेन्द्र गहलोत ने कहा कि बूथ अध्यक्ष संगठन की महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं और उन पर संगठन की बहुत बड़ी जिम्मेदारी होती है। पार्टी की ओर से अगले 15 कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, जिनमें बूथ अध्यक्ष को रोजाना कम से कम 5 घटे निकाल कर पार्टी के लिए कार्य करना चाहिए।
पूर्व जिला अध्यक्ष अरविंद यादव ने कहा कि बूथ अध्यक्ष को समर्पित भाव से संगठन का काम करना चाहिए। पूरे विश्व में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी है। उन्होंने बूथ अध्यक्ष और कार्यकर्ताओं से अगले चुनाव के लिए अभी से जुट जाने का आह्वान किया।
सम्मेलन का संचालन जिला महामंत्री रमेश सोनी ने किया। आभार मंडल अध्यक्ष दीपेंद्र लालवानी ने जताया। सम्मेलन में सभी बूथ अध्यक्षों के अतिरिक्त उत्तर विधानसभा क्षेत्र के अधीन जिला पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारी, पार्षद, शक्ति केंद्र संयोजक आदि ने भाग लिया। इनमें डिप्टी मेयर नीरज जैन, शहर भाजपा के जिला उपाध्यक्ष जयकिशन पारवानी, विकास सोनगरा, सुलोचना शुक्ला, जिला मंत्री राजेश शर्मा, योगेश शर्मा, राजकुमार ललवानी, जिला प्रवक्ता सतीश बंसल, दाहरसेन मंडल अध्यक्ष व पार्षद दीपेंद्र लालवानी, पृथ्वीराज मंडल अध्यक्ष प्रकाश बंसल, पार्षद मनोज मामनानी, प्रतिभा पाराशर, सुभाष जाटव, अंजलि ढन्जा, राजू साहू, हेमलता बंसल, भारती श्रीवास्तव, नलिनी शर्मा, के.के. त्रिपाठी, प्रियंका सांखला, रूबि जैन, रमेश चैलानी, अतीश माथुर, दाहरसेन मंडल महामंत्री सत्येंद्र कुमार शर्मा, सुरेश नवाल, अरविंद पाराशर, सुरेश गोयल, पंकज शैली, सुनील सिंह राजावत, गंगाराम सैनी आदि मौजूद रहे।