किसी भी हालात से निपटने के लिए एसडीआरएफ की 17 टीमें नियुक्त, 30 रिजर्व में – मुख्य सचिव
अजमेर/जयपुर,14 जून। मुख्य सचिव श्रीमती उषा शर्मा ने कहा कि बिपरजॉय चक्रवाती तूफान से बचाव को लेकर राज्य सरकार पूरी तरह से तैयार है। किसी भी हालात से निपटने के लिए एस.डी.आर.एफ की 17 टीमें नियुक्त की गई हैं और 30 टीम रिजर्व में हैं। जहां कही भी इसकी जरूरत होगी, वहां इन्हें भेजा जाएगा। श्रीमती शर्मा बुधवार को शासन सचिवालय में बिपरजॉय चक्रवाती तूफान के असर से राजस्थान को बचाने के लिए जिला कलेक्टरों की बैठक की अध्यक्षता कर रही थी। बैठक में पुलिस महानिदेशक श्री उमेश मिश्रा उपस्थित रहे तथा प्रभावित होने वाले जिलों के कलेक्टर वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जुड़े।
श्रीमती उषा शर्मा ने कहा कि बिपरजॉय को लेकर हमारी तैयारियों का स्तर इस प्रकार का होना चाहिए कि किसी भी प्रकार की जान-माल की हानि नहीं हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे अपने हेडर्क्वाटर पर मौजूद रहें।
मुख्य सचिव श्रीमती उषा शर्मा ने लोगों में इस प्राकृतिक आपदा से बचाव के बारे में ज्यादा से ज्यादा जानकारी पहुंचाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि निचले इलाकों में जलमग्नता की वजह से लोगों को परेशानी का सामना ना करना पड़े। इसके लिए ग्राम प्रधान, ग्राम रक्षक, सुरक्षा सखी, सभी पंचायत समिति के सदस्यों का उपयोग कर लोगों में जागरूकता फैलाई जाए। उन्होंने कहा कि राजस्थान हमेशा से आपदा प्रंबधन में अव्वल रहा है। इस बार भी हम इससे अच्छे से गुजर जाएंगे।
बैठक में मौसम विभाग के अधिकारी ने बताया कि यह सिस्टम 16 जून को डीप डिप्रेशन के रूप में जालोर और बाड़मेर में प्रवेश करेगा जिसकी स्पीड 50 से 60 किमीध्घंटा रह जाएगी। इस वजह से प्रदेश में भारी बारिश और आंधी आ सकती है। पश्चिम राजस्थान में 300-400 उउ तक बारिश हो सकती है। 17 जून के बाद यह सिस्टम धीरे-धीरे कमजोर पड़ जाएगा।
बैठक में उपस्थित जिला कलेक्टरों ने आश्वासन दिया कि बिजली, मेडिकल, पुलिस जैसे विभागों को सचेत कर दिया गया है, वे अपनी मशीनरी के साथ सर्तक हैं।
बैठक में एस.डी.आर.एफ के सदस्य,मौसम विभाग के अधिकारी, कर्नल अजय सिंह राठौड़, विंग कमांडर श्री के राजेश उपस्थित रहें। और प्रभावित होने वाले जिलों के कलेक्टर ऑनलाइन उपस्थित रहे।
आंधी और वर्षा में रखे सावधानी
अजमेर, 14 जून। चक्रवाती तूफान बिपरजॉय के कारण आनवाली आंधी और वर्षा के दौरान सावधानी रखने की आवश्यकता है।
जिला कलक्टर डॉ. भारती दीक्षित ने बताया कि भारत सरकार के द्वारा जार एडवाइजरी के अनुसार चक्रवाती तूफान बिपरजॉय का प्रभाव राजस्थान में 16 जून से 18 जून तक रहेगा। इसके मद्देनजर अजमेर जिले में 17 जून एवं 18 जून को अति तीव्र आंधी एवं वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। इसके लिए आपदा प्रबन्धन सहायता एवं नागरिक सुरक्षा विभाग के द्वारा जिला स्तरीय बाढ नियन्त्रण कक्ष स्थापित कर दिया गया है। इसमें सक्षम स्तर से अधिकारी एवं कर्मचारी की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अतिरिक्त सम्बन्धित उपखण्ड स्तर पर भी बाढ उप नियन्त्रण कक्ष स्थापित किया गया है। चक्रवाती तूफान बिपरजॉय के कारण अति तीव्र वर्षा से होने वाली क्षति के बचाव के लिए समस्त उपखण्ड अधिकारियों एवं तहसीलदारों को निर्देश प्रदान किए गए है।
उन्होंने बताया कि सुरक्षा कारणों से आमजन को बारिश एवं आंधी के समय सावधान रहने सलाह दी गई है। अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकले एवं वृक्षों के नीचे नहीं ठहरे। अति तीव्र वर्षा की स्थिति में तालाब, नदी,नाले पोखर से भी दूर रहें। तूफान के दौरान बिजली के खम्भों व तारों से दूर रहें। पालतू जानवरों को बांध कर रखे तथा खुला नहीं छोडे। मोबाईल व टोर्च लाईट चार्ज रखें। चक्रवाती तूफान के दौरान पेयजन एवं खाद्य पदार्थ मात्रा में भण्डारण करके रखें। घर में निजी फस्र्ट एड किट (प्राथमिक चिकित्सा किट) जिसमें एण्टीसेप्टीक, पट्टी, दर्द, बुखार, उल्टी दस्त की दवा जरूर रखें। किसी भी आपदा के दौरान सहायता के लिए जिला कलक्टर कार्यालय में चौबीसों घण्टे संचालित बाढ नियन्त्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 0145-2628932 पर सम्पर्क किया जा सकता है।