प्रशासन गंभीरता से करे शहर की दोनो प्रमुख झीलों का प्रबंधन – देवनानी

आनासागर के बाद अब फॉयसागर झील के पानी को रोकने में हो रही लापरवाही – देवनानी

वासुदेव देवनानी
अजमेर 30 जून। पूर्व शिक्षा राज्य मंत्री और अजमेर उत्तर विधायक वासुदेव देवनानी ने आनासागर झील से पानी निकासी के दौरान बरती गई प्रशासनिक लापरवाही के बाद अब फॉयसागर झील से जलसैलाब रोकने के लिए उठाए रहे कदमों को महज जुगाड का काम बताया है। देवनानी ने कहा की फॉयसागर झील भी सालो बाद मानसून से पहले ही अपनी भराव क्षमता के करीब पहुंच गई है और ऐसे में वहां से पानी निकासी को नियंत्रित और व्यवस्थित करने की कोई पुख्ता व्यवस्था नहीं है और ऐसे में अगर पानी निकासी होती है तो आसपास की कई कॉलोनियां जलमग्न हो जाएंगी।
देवनानी ने कहा की फॉयसागर झील की रपट को मरम्मत की दरकार लंबे समय से थी लेकिन प्रशासन को इसकी सुध नहीं आई और जब आनासागर झील से पानी निकासी के कारण कई कॉलोनियों में पानी भर गया तो ध्यान इस और गया है। देवनानी ने फॉयसागर झील की टूटी रपट की मरम्मत में भी जुगाड का तरीका अपनाने पर गहरी नाराजगी जाहिर की और कहा की प्रशासन को झील प्रबंधन के अनुसार ठोस और पुख्ता काम करना चाहिए। बिना बजरी के फॉयसागर की मिट्टी से ही दीवार की चिनाई की जा रही है जो कभी भी तेज बारिश में ढह सकती है। देवनानी ने कहा की मानसून की बारिश अभी होना बाकी है और जिस तरह का जलस्तर फॉयसागर झील का अभी तक हो गया है उससे तय है की यहां का पानी भी ओवरफ्लो होगा जिसका पानी बाडी नदी के जरिए आनासागर झील तक जाता है।
देवनानी ने 03 करोड़ अधिक राशि से स्वीकृत आनासागर चौकी से फॉयसागर तक सड़क और अजमेर विकास प्राधिकरण से सवा करोड़ की राशि से फॉयसागर रोड़ पर नाली निर्माण के काम में भी बरती जा रही लापरवाही पर गहरी नाराजगी जाहिर की और कहा की यह काम मानसून से पहले पूरे हो जाने चाहिए थे जिससे पानी निकासी में बड़ी बाधा पैदा नहीं होती लेकिन प्रशासनिक लचरता के चलते काम को कछुए की चाल पर धीमा चलाया जा रहा है जिसका परिणाम स्थानीय जनता को भुगतना पड़ सकता है। देवनानी ने कहा की अभी भी आनासागर एस्केप चैनल से निकले पानी से कई निचली बस्तियों में पानी भरा हुआ है और पानी निकासी के लिए लगाए गए पंपसेट नाकाफी साबित हो रहे है। ऐसे में प्रशासन को इस बार आपदा प्रबंधन के लिए पुख्ता तैयारी और व्यवस्था करनी होगी जिससे पूर्व जैसे भयावह हालात वापस से पैदा ना हो।

error: Content is protected !!