अजमेर 26 अगस्त। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की सैकण्डरी और सीनियर सैकण्डरी समकक्ष सैद्धान्तिक परीक्षायें पूरक परीक्षाये-2023 गुरूवार 3 अगस्त से प्रारम्भ होंगी। यह परीक्षायें 5 अगस्त को समाप्त होगी। पूरक प्रायोगिक परीक्षायें दिनांक 27.07.2023 से 02.08.2023 तक अजमेर स्थित 06 परीक्षा केन्द्रों पर सम्पादित होंगी। पूरक प्रायोगिक परीक्षा हेतु परीक्षार्थी बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक www.rajeduboard.rajasthan.gov.in पर मुख्य परीक्षा का नामांक दर्जकर प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हे। पूरक सैद्धान्तिक परीक्षा 2023 के सभी परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र बोर्ड वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए है। जिसे संबंधित शाला प्रधान पूर्व प्रदत्त आई.डी./पासवर्ड से डाउनलोड कर प्रवेश पत्रों की हार्ड कॉपी निकालकर उसमें मुद्रित सभी प्रविष्टियों की भली-भांति जांचकर प्रमाणीकरण पश्चात् संबंधित परीक्षार्थियों को वितरित करेंगें। पूरक परीक्षा-2023 के केन्द्राधीक्षक सूचित रहे कि उन्हें मुद्रित केन्द्र सामग्री बोर्ड द्वारा ऑनलाईन प्रेषित की जाएगी, उन्हें विद्यालय के आई.डी. पासवर्ड से केन्द्र सामग्री यथा उपस्थित पत्रक, नामावली, विषयवार बैठक व्यवस्था तथा प्रश्न पत्र संख्यात्मक सारणी ऑनलाईन डाउनलोड करके हार्डकापी मुद्रित कर परीक्षाओं की व्यवस्था करनी है।
बोर्ड की सचिव श्रीमती मेघना चौधरी ने बताया कि वर्ष-2023 की पूरक परीक्षाओं के लिए कुल 56,131 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए है, जिनमें सर्वाधिक 31,266 सैकण्डरी पूरक परीक्षा के है। सैकण्डरी विशेष योग्यजन के लिए 48 प्रवेशिका के लिए 419 और सैकण्डरी व्यावसायिक के लिए 3,883 परीक्षार्थी पंजीकृत किये गये है। सीनियर सैकण्डरी पूरक परीक्षाओं में 20,239 सीनियर सैकण्डरी विशेष योग्यजन में 26 और वरिष्ठ उपाध्याय में 249 व वरिष्ठ उपाध्याय विशेष योग्यजन में 01 परीक्षार्थी परीक्षा में प्रविष्ठ होंगे।
उन्होंने बताया कि पूरक परीक्षाओं के लिए प्रदेश में कुल 203 परीक्षा केन्द्र बनाये गये है। प्रश्न-पत्रों की सुरक्षा की दृष्टि से सभी परीक्षा केन्द्रों के प्रश्न-पत्र निकटवर्ती पुलिस थानों में रखवाये गये है। प्रतिदिन परीक्षा समाप्ति के पश्चात् सभी उत्तरपुस्तिकायें बोर्ड के केन्द्रीय कार्यालय में मंगवाने की दृष्टि से राज्य में 28 उत्तरपुस्तिका संग्रहण केन्द्र और 9 जिलों में उत्तरपुस्तिका वितरण केन्द्र बनाये गये है।
श्रीमती चौधरी ने बताया कि जो परीक्षार्थी अभी तक अपना परीक्षा शुल्क जमा नहीं करा सके हैं वे परीक्षा शुल्क के अलावा 1500/- रु. असाधारण शुल्क सहित परीक्षा शुल्क परीक्षा केन्द्र पर जमा कराकर परीक्षा में प्रविष्ट हो सकते है। इस हेतु परीक्षार्थी को अपना एक पासपोर्ट साईज का फोटो एवं एक फोटोयुक्त पहचान पत्र के साथ संबंधित केन्द्राधीक्षक से सम्पर्क करना होगा। पूरक परीक्षाओं के सुसंचालन के लिए बोर्ड कार्यालय में केन्द्रीय कन्ट्रोल रूम स्थापित किया गया है। यह कन्ट्रोल रूम दिनांक 29.07.2023 प्रातः 7.00 बजे से रात्रि 9.00 बजे तक कार्यरत रहेगा। इस कन्ट्रोल रूम के दूरभाष न. 0145-2632866, 2632867, 2632868 है। कन्ट्रोल रूम में दर्ज शिकायत के संबंध में शिकायतकर्त्ता को शिकायत क्रमांक दिया जायेगा ताकि शिकायतकर्त्ता भविष्य में इसी शिकायत क्रमांक के आधार पर जानकारी प्राप्त कर सके। पूरक परीक्षा कार्यक्रम बोर्ड की वेबसाइट www.rajeduboard.rajasthan.gov.in पर उपलब्ध है। प्रायोगिक मुख्य परीक्षा के संबंध में दूरभाष 0145-2623776 पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
उप निदेशक (जनसम्पर्क)