बिहार में ट्रक पलटा, 25 की मौत

बिहार के औरगांबाद जिले में बृहस्पतिवार तड़के कोहरे के कारण एक ट्रक के पलटने से 25 मजदूरों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। घायलों को औरंगाबाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों में नौ बच्चे और नौ महिलाएं भी शामिल हैं। मृतक झारखंड के पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के आदिवासी मजदूर हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रक ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है।

औरंगाबाद के एसपी दलजीत सिंह ने बताया कि घने कोहरे के चलते ड्राइवर ट्रक का संतुलन खो गया और वह पलट गया। हादसा बृहस्पतिवार सुबह करीब तीन से चार बजे के बीच हुआ। मृतकों में डेढ़ साल के बच्चे से लेकर 65 साल का बुजुर्ग भी शामिल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा औरंगाबाद हेड क्वार्टर से 12 किलोमीटर रिसियक थाना क्षेत्र में एनएच 91 पर पीपलबिगहा गांव के पास हुआ। ट्रक पर कुल 40 धनकटनी मजदूर सवार थे। धनकटनी करने वाले मजदूरों को मजदूरी में धान मिलता है। लिहाजा, वह भी ट्रक पर ही लदा हुआ था। धान के बोरों को ऐसे रखा गया था ताकि उसकी आड़ में बच्चों को ठंड से बचाया जा सके। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अधिकांश लोगों की मौत धान के बोरों के नीचे दबने से हुई।

ठंड और कोहरे के कारण हादसे की खबर करीब घंटे-डेढ़ घंटे की देर से मिली। इसके कारण शवों को निकालने में वक्त लगा। एसपी एलजीत सिंह ने बताया कि ट्रक का ड्राइवर फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि मजदूरों का दल झारखंड के लेस्लीगंज के रांचीकला और डेरांग गांव का रहने वाला था।

error: Content is protected !!