बर्लिन यात्रा के दौरान देवनानी ने किये वेदांत दर्शन

देवनानी की स्वामी बनेशानंद से भेंट

यूरोप में भारतीय अध्यात्म का आलोक- देवनानी

     अजमेर, 23जून। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी बर्लिन मे सोमवार को रामकृष्ण मिशन केंद्र के बेलूर मठ गए। उन्होंने वेदांत गेसेल शाफ्ट संस्था के प्रतिष्ठित केंद्र का अवलोकन किया। बेलूर मठ रामकृष्ण मिशन का आध्यात्मिक केंद्र है। इस अवसर पर उन्हें स्वामी बनेशानंद से भेंट की। दोनों के मध्य सनातन, आध्यात्मिक और भारतीय संस्कृति पर संवाद हुआ।

     श्री देवनानी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद द्वारा स्थापित रामकृष्ण मिशन के इस यूरोपीय केंद्र में अद्वैत वेदांत, योग और ध्यान के माध्यम से भारतीय दर्शन का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। यह केंद्र न केवल बौद्धिक चिंतन का स्थल है, बल्कि यह मानवता की सेवा और आत्म-जागरूकता को समर्पित एक प्रकाश-स्तम्भ के रूप में कार्य कर रहा है।

     श्री वासुदेव देवनानी और स्वामी बनेशानंद ने वेदांत दर्शन, भारतीय संस्कृति के वैश्विक स्वरूप और आधुनिक युग में अध्यात्म की आवश्यकता जैसे गूढ़ विषयों पर चर्चा की। इस संवाद को श्री देवनानी ने “आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण और जीवन-दृष्टि को व्यापक बनाने वाला” बताया।

     इस अवसर पर श्री देवनानी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद की प्रेरणा और रामकृष्ण मिशन का कार्य भारत की आत्मा को वैश्विक मंच पर मुखर करता है। अन्य देशों में यह केंद्र भारतीयता की दिव्य ज्योति को विश्वभर में प्रज्ज्वलित कर रहे हैं। यह केंद्र भारत और यूरोप के बीच सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पुल के रूप में एक महत्वपूर्ण है। श्री देवनानी ने इस केंद्र को आध्यात्मिक तीर्थ बताया, जहाँ विचार, साधना और सेवा के त्रिवेणी संगम के दर्शन होते हैं।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!