मौसम ने ली करवट, दिल्ली-एनसीआर में बारिश, बढ़ेगी ठंड

मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। आज सुबह से ही दिल्ली में कई जगहों पर बारिश हुई। इधर एनसीआर में भी कहीं धूप तो कहीं बारिश का नजारा है। नार्थ दिल्ली में शक्ति विहार, गुलाबी बाग, अशोक विहार, सराएरोहिल्ला और शास्त्री नगर की तरफ सुबह 5 बजे जमकर बारिश हुई। गाजियाबाद में दोपहर 11 बजे बारिश हुई। नोएडा के कुछ इलाके में बादल छाए रहे लेकिन बारिश नहीं हुई। मौसम विभाग ने पहले ही बताया था कि बारिश होने वाली है। मौसम करवट ले रहा है। ठंड बढ़ सकती है। मौसम विभाग ने ठंड बढ़ने के भी संकेत दिए हैं। बदलते मौसम में खुद का ख्याल रखें। गर्म कपड़ों को अभी अपने पास ही रखें मौसम इसी तरह बदलता रहा तो एक बार फिर कड़ी ठंड पड़ सकती है।

हिमाचल प्रदेश में आज सुबह से ही बर्फबारी व बारिश का दौर जारी है। राजधानी में सुबह हुई हल्की बर्फबारी के बाद ऊपरी क्षेत्रों से संपर्क टूट गया है। पर्यटन स्थल कुफरी व नारकंड़ा में राष्ट्रीय राजमार्ग यातायात के लिए बर्फबारी के कारण बाधित हो गया है। मध्यम और अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर लगातार हो रही बर्फबारी और निचले इलाकों में हो रही बारिश से पूरा प्रदेश कड़ाके की ठंड की चपेट में है। लाहौल स्पीति, केलांग व किन्नौर की पहाड़ियों पर सुबह 9 बजे से ही बर्फबारी का यह सिलसिला जारी है। मौसम विभाग के अनुसार आज दिन भर मौसम के रूख कड़े रहेंगे और यह सिलसिला आगामी 48 घंटों तक जारी रहेगा। प्रदेश में लंबे सूखे के बाद गुरुवार को हुई बर्फबारी व बारिश के बाद किसानों व बागवानों के चेहरे खिल गए हैं।

error: Content is protected !!